Chapra News: ‘डीएम साहेब, हमार पोता फंस गइल बा, निकाल दीं...’ फुलवरिया नहर पर उमड़ी भीड़ ने लगाई गुहार
Chapra News: फुलवरिया नहर के पास बाढ़ से फंसे लोगों की मदद के लिए प्रशासन जुटा हुआ है। डीएम वैभव श्रीवास्तव ने ग्रामीणों से धैर्य रखने की अपील की। आत्मीयता और डर के बीच अधिकारियों ने उपाय ढूंढने का आश्वासन दिया। कई लोग छतों पर सुरक्षा की तलाश में हैं, और एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमें बचाव में लगी हैं।

Chapra News: ‘डीएम साहेब, हमार पोता फंस गइल बा, निकाल दीं...’ फुलवरिया नहर पर उमड़ी भीड़ ने लगाई गुहार एनएच-722 पर बाढ़ का पानी देख सहमे अधिकारी, छतों पर फंसे लोगों को निकालने में जुटा प्रशासन छपरा। ‘डीएम साहेब, हमार पोता फंस गइल बा, कुछ कर दीं...’, ‘साहेब, घर में मेहरारू-बच्चा लोग बा, नाव भेज दीं...।’ गुरुवार सुबह फुलवरिया नहर के पास एनएच-722 पर पहुंचते ही डीएम वैभव श्रीवास्तव, एसएसपी रोशन कुमार और डीडीसी लक्ष्मण तिवारी के सामने ऐसी ही गुहारों की झड़ी लग गई। बाढ़ के तेज बहाव को देखने के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारी भी कुछ देर के लिए ठिठक गए।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
सुबह करीब सात बजे अधिकारियों की गाड़ियां फुलवरिया नहर के पास रुकीं तो पहले से जमा सैकड़ों लोगों ने उन्हें घेर लिया। किसी के घर में महिला-बच्चे फंसे थे तो कोई बुजुर्ग और मवेशियों को सुरक्षित निकालने के लिए नाव की मांग कर रहा था। भीड़ में महिलाओं की आंखों में डर और अपनों को सुरक्षित निकालने की बेचैनी साफ दिखाई दे रही थी। ‘घर में लोग फंसे हैं, नाव भेज दीजिए’ राधा देवी समेत कई ग्रामीण अधिकारियों के सामने अपनी परेशानी बताते हुए भावुक हो गईं। रामायण प्रसाद, चकिया, ललन महतो, अंजनी और सुरेश कुमार, मधवल समेत आसपास के ग्रामीणों ने अपने-अपने गांवों में फंसे लोगों को जल्द सुरक्षित निकालने की गुहार लगाई। ग्रामीणों ने बताया कि कई घर पूरी तरह पानी से घिर चुके हैं। बड़ी संख्या में लोग जान बचाने के लिए घरों की छतों पर बैठे हैं और प्रशासन की नाव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।
सरकारी अपील
‘धैर्य रखें, एक-एक व्यक्ति को सुरक्षित निकाला जाएगा’ लगातार पहुंच रही सूचनाओं और लोगों की भीड़ के बीच डीएम वैभव श्रीवास्तव ने ग्रामीणों से संयम रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार बचाव कार्य में लगी हैं। फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने लोगों से घबराने के बजाय प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। इधर, फुलवरिया नहर के पास अधिकारियों के पहुंचने के बाद आपातकालीन नंबरों और अधिकारियों के मोबाइल लगातार बजते रहे। चंदीला गांव से फोन कर लोगों ने बताया कि वहां 500 से अधिक महिला-पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे फंसे हैं और उन्हें निकालने के लिए नाव की जरूरत है। आसपास के गांवों से भी लगातार मदद की गुहार प्रशासन तक पहुंचती रही।
सुरक्षित स्थान की तलाश
छतों पर जिंदगी, नीचे चारों तरफ पानी मकेर प्रखंड की कई पंचायतों में बाढ़ का पानी तेजी से फैलने के बाद बड़ी संख्या में लोग घरों की छतों पर शरण लिए हुए हैं। कई परिवार बुधवार को ही सुरक्षित स्थानों या रिश्तेदारों के घर चले गए थे। पीछे रह गए लोग अब पानी से घिरे घरों में फंसे हुए हैं। कहीं महिलाएं बच्चों को लेकर परेशान हैं तो कहीं लोग मवेशियों की चिंता में हैं। किसी को घर में रखा सामान डूबने का डर है तो किसी परिवार की चिंता घर में छूटे शादी के कपड़ों को लेकर है। कई लोग बीमार परिजनों की दवाइयां घर में छूट जाने से भी परेशान हैं। तेज बहाव के बीच प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती घरों में फंसे महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सुरक्षित निकालना है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं।

