Chapra News: सारण के सात प्रखंडों की 33 पंचायतों के 93 गांव बाढ़ की चपेट में , 2.05 लाख आबादी प्रभावित
Chapra News: सारण में गंगा, सरयू, गंडक और माही नदियों के बढ़े जलस्तर ने 93 गांवों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। बाढ़ के कारण 2 लाख 5 हजार 849 लोग प्रभावित हुए हैं। प्रशासन ने राहत कार्य के लिए 119 नावें और छह बोट एंबुलेंस तैनात की हैं, और पशुओं के लिए 377 आश्रय स्थल बनाए गए हैं।

Chapra News: 119 नाव और छह बोट एंबुलेंस से राहत-बचाव, 377 पशुओं को आश्रय स्थलों में पहुंचाया गया छपरा, नगर प्रतिनिधि। सारण में गंगा, सरयू, गंडक और माही समेत नदियों के बढ़े जलस्तर ने सात प्रखंडों की 33 पंचायतों के 93 गांवों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। बाढ़ के कारण जिले में अब तक 2 लाख 5 हजार 849 आबादी प्रभावित हुई है। कई गांवों में पानी प्रवेश करने के बाद आवागमन प्रभावित हुआ है और लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन ने बड़े पैमाने पर नावों का परिचालन शुरू किया है।
प्रशासनिक बचाव कार्य
प्रभावित इलाकों में 119 नाव और छह बोट एंबुलेंस लगाई गई हैं। वहीं, पशुओं को सुरक्षित रखने के लिए अलग-अलग स्थानों पर पशु आश्रय स्थल बनाए गए हैं, जहां अब तक 377 पशुओं को आश्रय दिया गया है। इधर, दिघवारा प्रखंड में मही नदी के दायां तटबंध में करीब 12 मीटर टूटान के बाद प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीमों ने मोर्चा संभाल लिया है। तटबंध के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। विभागीय अधिकारियों और तकनीकी टीम की लगातार निगरानी में मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य कुछ ही घंटों में टूटे हिस्से को दुरुस्त कर पानी के बहाव को नियंत्रित करना है।
प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति
सोनपुर में सबसे अधिक 1.30 लाख आबादी प्रभावित बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित सोनपुर प्रखंड है। यहां 16 पंचायतों के 65 गांवों की करीब 1.30 लाख आबादी प्रभावित हुई है। सबलपुर पूर्वी, सबलपुर पश्चिमी, सबलपुर उत्तरी, सबलपुर मध्यवर्ती, नजरमीरा, शाहपुर, खरीका भरपुरा, गंगाजल, कस्मर, सैदपुर, हासिलपुर, रसूलपुर, शिकारपुर, जहांगीरपुर, नयागांव और कल्याणपुर पंचायतों में बाढ़ का पानी पहुंचा है। प्रभावित लोगों के आवागमन और राहत कार्य के लिए सोनपुर में 55 नाव और दो बोट एंबुलेंस परिचालित हैं। एक सामुदायिक रसोई भी चल रही है, जहां अब तक 1,056 लोगों को भोजन कराया गया है। पशुओं के लिए दो आश्रय स्थल बनाए गए हैं, जिनमें 101 पशुओं को रखा गया है। प्रभावित परिवारों के बीच 1,200 पॉलीथिन शीट का वितरण किया जा चुका है।
अन्य प्रभावित क्षेत्र
सदर में 54 हजार से अधिक लोग प्रभावित सदर छपरा प्रखंड की कोटवा पट्टी रामपुर, बरहरा महाजी, रायपुर और बिनगांवा पंचायतों के साथ मूसेपुर, डुमरी व चिरांद पंचायत के कुछ हिस्से बाढ़ से प्रभावित हैं। यहां नौ गांवों की 54,328 आबादी प्रभावित हुई है। लोगों के आवागमन और राहत-बचाव के लिए 30 नाव और दो बोट एंबुलेंस परिचालित हैं। पशुओं को सुरक्षित रखने के लिए एक पशु आश्रय स्थल में 101 पशुओं को रखा गया है। दिघवारा में 17 हजार से अधिक आबादी चपेट में मही नदी के तटबंध में टूटान के बाद दिघवारा प्रखंड की स्थिति पर प्रशासन की विशेष नजर है। यहां अकिलपुर और रामपुर आमी पंचायतें प्रभावित हैं। कुल 11 गांवों की 17,442 आबादी प्रभावित हुई है। राहत व बचाव कार्य के लिए 21 नाव और एक बोट एंबुलेंस परिचालित है। दो पशु आश्रय स्थल बनाए गए हैं, जहां 28 पशुओं को रखा गया है। प्रभावित परिवारों के बीच 450 पॉलीथिन शीट वितरित की जा चुकी हैं। गड़खा, रिविलगंज, मकेर और दरियापुर भी प्रभावित गड़खा प्रखंड की मौजमपुर और इटवा पंचायत के चार गांवों में बाढ़ का पानी पहुंचा है। यहां करीब 1,179 लोग प्रभावित हैं। दो नावों का परिचालन किया जा रहा है। पशुओं के लिए बनाए गए आश्रय स्थल में 85 पशुओं को रखा गया है, जबकि 95 पॉलीथिन शीट का वितरण किया गया है।
स्वास्थ्य सेवाएं और राहत सामग्री
रिविलगंज नगर पंचायत का क्षेत्र भी आंशिक रूप से बाढ़ प्रभावित है। यहां करीब 2,000 आबादी प्रभावित हुई है। छह नाव और एक बोट एंबुलेंस लगाई गई है। एक पशु आश्रय स्थल में 44 पशुओं को सुरक्षित रखा गया है। मकेर प्रखंड की बाघाकोल पंचायत का एक गांव प्रभावित है। यहां करीब 300 आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। पांच नावों का परिचालन किया जा रहा है। 18 पशुओं को आश्रय दिया गया है और 20 पॉलीथिन शीट बांटी गई हैं। दरियापुर प्रखंड की मगरपाल, बेला परमौला और अकबरपुर पट्टीपुल पंचायतों के तीन गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। यहां करीब 600 आबादी प्रभावित है। प्रभावित परिवारों के बीच 200 पॉलिथीन शीट का वितरण किया जा चुका है। बोट एंबुलेंस से तत्काल मिल रही चिकित्सा सुविधा बाढ़ के बीच स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु रखने के लिए प्रभावित प्रखंडों में मेडिकल टीमों की तैनाती की गई है। रिविलगंज में तीन, सदर छपरा में छह, दिघवारा में तीन, सोनपुर में छह और मकेर में एक मेडिकल टीम काम कर रही है। ये टीमें प्रभावित गांवों में पहुंचकर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं। मोबाइल मेडिकल टीमों की तत्परता से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षित प्रसव भी कराया गया है। राहत सामग्री का वितरण जारी प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों के बीच पॉलीथिन शीट, सूखा राहत राशन और अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण लगातार किया जा रहा है। सोनपुर सहित विभिन्न प्रखंडों में पानी से घिरे परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। जरूरत के अनुसार नावों की संख्या बढ़ाने और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की तैयारी भी रखी गई है। डुमरी, डोरीगंज और चिरांद समेत गंगा के दूसरी ओर स्थित कुछ पंचायतों में भी बाढ़ का असर है। इधर जिला और प्रखंड स्तर पर नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिए गए हैं। आपातकालीन संपर्क नंबरों की जानकारी सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से आम लोगों तक पहुंचाई जा रही है। सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को अलर्ट मोड में रखा गया है। प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर, आवागमन, राहत कार्य और लोगों की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। जिले का पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।

