
लगन में इस बार फरवरी से दिसंबर तक 75 दिन बजेगी शहनाई
नववर्ष 2026 में शादी के लिए पहला शुभ मुहूर्त 5 फरवरी से शुरू होगा। इस वर्ष कुल 75 विवाह मुहूर्त रहेंगे। जनवरी में कोई शुभ मुहूर्त नहीं है। अगस्त, सितंबर और अक्तूबर में चातुर्मास के कारण विवाह वर्जित रहेंगे। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, शुभ कार्यों के लिए अपने पंडित से परामर्श लें।
शादी के लिए साल का पहला शुभ मुहूर्त 5 फरवरी को अगस्त, सितंबर और अक्तूबर माह में लगेगा चातुर्मास छपरा, हमारे प्रतिनिधि।नववर्ष 2026 में शादी-विवाह की तैयारी करने वालों के लिए खुशी देने वाली खबर है। हिंदू पंचांग के अनुसार वर्ष 2026 में कुल 75 दिन विवाह के शुभ मुहूर्त रहेंगे। शादी के लिए साल का पहला शुभ मुहूर्त 5 फरवरी से शुरू होगा। पंडितों के अनुसार जनवरी माह में विवाह के लिए कोई भी शुभ मुहूर्त उपलब्ध नहीं है, जिस कारण वर्ष की शुरुआत में मांगलिक आयोजनों पर विराम रहेगा। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार अगस्त, सितंबर और अक्तूबर माह में चातुर्मास के कारण विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्य वर्जित रहेंगे।
इस अवधि में भगवान विष्णु के शयनकाल में होने के कारण शुभ कार्य नहीं किए जाते। इस प्रकार वर्ष के 12 महीनों में से 8 महीने ऐसे रहेंगे, जिनमें शुभ लग्न में शादियों की धूम रहेगी और शहनाइयों की गूंज सुनाई देगी। मंगोलापुर के ज्योतिषाचार्य मणिकांत पांडेय ने बताया कि लोग विवाह, मुंडन, उपनयन संस्कार, गृह प्रवेश, भूमि पूजन जैसे मांगलिक कार्यों के लिए विभिन्न पंचांगों का सहारा लेते हैं। उत्तर भारत में विशेष रूप से वाराणसी पंचांग के अनुसार ही अधिकांश शुभ कार्यक्रम तय किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि वाराणसी पंचांग के अनुसार वर्ष 2026 में कुल 75 दिन विवाह मुहूर्त उपलब्ध हैं। बटुकेश्वर मंदिर के प्रधान पं ध्रुव कुमार मिश्र मुन्ना बाबा ने बताया कि फरवरी माह में सर्वाधिक 15 दिन विवाह मुहूर्त रहेंगे, जिससे इस माह में शादी-विवाह की सबसे अधिक संभावना है। इसके अलावा अप्रैल, मई, जून, नवंबर और दिसंबर में भी कई शुभ तिथियां रहेंगी। सभी विवाह मुहूर्त मुख्य रूप से गुरु और शुक्र के उदय पर आधारित होते हैं, क्योंकि इन दोनों ग्रहों के अस्त होने पर विवाह वर्जित माना जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि अलग-अलग हिंदू पंचांगों और कैलेंडरों में मुहूर्तों की संख्या में थोड़ी बहुत भिन्नता हो सकती है, लेकिन कुल मिलाकर 2026 में 74 से 75 दिन विवाह के शुभ मुहूर्त रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी शुभ कार्य से पहले अपने कुल पंडित या योग्य ज्योतिषाचार्य से परामर्श अवश्य लें, ताकि कार्यक्रम शुभ और मंगलमय हो। 2026 में शुभ मुहूर्त जनवरी: कोई मुहूर्त नहीं (खरमास और शुक्र अस्त)। फरवरी: 5, 6, 8, 10, 12, 14, 19, 20, 21, 24, 25, 26 मार्च: 5, 7, 8, 9, 10, 11, 12, 13, 14 अप्रैल: 20, 21, 25, 26, 27, 28, 29, 30 मई: 1, 3, 5, 6, 7, 8, 12, 13, 14 जून: 19, 20, 22, 23, 24, 25, 26, 27, 28, 29 जुलाई: 1, 2, 6,7, 8, 11, 12 नवंबर: 20, 21, 24, 25, 26, 30 दिसंबर: 1, 2, 3, 4, 5, 6, 9, 10, 11, 12

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




