Chapra News: माता दुर्गा का पट खुला, दर्शन को उमड़े भक्त
Chapra News: छपरा के भगवान बाजार स्थित दुर्गा मंदिर में षष्ठी पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माता का पट खोला गया और मां कात्यायनी की पूजा हुई। आमी स्थित मां अंबिका भवानी मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया। भक्तों ने सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। दोनों मंदिरों में दिनभर भीड़ रही और पूजा सामग्री की दुकानों पर चहल-पहल बढ़ी।

Chapra News: भगवान बाजार दुर्गा मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ पटोद्घाटन मां कात्यायनी की आराधना में लीन रहे श्रद्धालु छपरा, हमारे प्रतिनिधि। शहर के भगवान बाजार स्थित दुर्गा मंदिर में शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार और वाद्ययंत्रों की मनोहारी ध्वनि के बीच माता दुर्गा का पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया। षष्ठी तिथि और मूल नक्षत्र में पट खुलते ही मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। पूरे विधि विधान के बाद मां के दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने माता के दिव्य स्वरूप का दर्शन कर सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में शहनाई और घंटियों की गूंज, शंखनाद और जय माता दी के जयघोष से माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर नवरात्र के छठे दिन मां दुर्गा के छठे स्वरूप मां कात्यायनी की पूजा-अर्चना पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ की गई। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां कात्यायनी शक्ति, साहस और धर्म की रक्षा की प्रतीक हैं। महर्षि कात्यायन की तपस्या से प्रसन्न होकर देवी ने उनके यहां पुत्री के रूप में जन्म लिया था, इसलिए उनका नाम कात्यायनी पड़ा। देवी का यह स्वरूप अन्याय और आसुरी शक्तियों के विनाश तथा धर्म की स्थापना का संदेश देता है।

