प्रशासनिक लापरवाही से अधूरी पड़ी योजनाएं, वर्षों बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

हिन्दुस्तान, छपरा
Follow us on Google News
share

बनियापुर के कन्हौली मनोहर में विकास योजनाएं प्रशासनिक लापरवाही के कारण अटकी हुई हैं। नल-जल योजना और अन्य कार्यों की भुगतान प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से शीघ्र राशि आवंटित करने और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।

 प्रशासनिक लापरवाही से अधूरी पड़ी योजनाएं, वर्षों बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

बनियापुर, एक प्रतिनिधि।प्रखंड के ग्राम पंचायत राज कन्हौली मनोहर में संचालित विकास योजनाएं प्रशासनिक लापरवाही की भेंट चढ़ गई हैं। कई विभागीय पत्राचार और निर्देशों के बावजूद अब तक न तो योजनाएं पूरी हो सकी हैं और न ही भुगतान की प्रक्रिया पूरी हो पाई है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या-03 में संचालित नल-जल योजना सहित अन्य विकास कार्यों का मापी पुस्तिका (एमबी) अद्यतन कर भुगतान करने का निर्देश वर्ष 2022 में ही प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी द्वारा दिया गया था। पंचायत राज विभाग, बिहार, पटना के निर्देश के आलोक में भी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया, लेकिन अब तक भुगतान और कार्य पूर्णता की प्रक्रिया लंबित है।

इसी क्रम में वर्ष 2023 में तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी, बनियापुर द्वारा जिला स्तर पर भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया कि मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के अंतर्गत प्रारंभ की गई योजनाएं राशि के अभाव में अधूरी रह गई हैं। योजना को पूरा करने के लिए लगभग 14,74,687 रुपये की अतिरिक्त राशि की मांग की गई थी, लेकिनआवंटन नहीं होने से कार्य ठप पड़ा हुआ है। वहीं, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, सारण द्वारा 03 जनवरी 2024 को भी संबंधित मामले में विभाग को पत्र भेजकर राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। इसके बावजूद अब तक न तो राशि उपलब्ध कराई गई है और न ही लंबित कार्यों के निष्पादन की दिशा में कोई ठोस पहल की गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय स्तर पर लगातार पत्राचार होने के बावजूद प्रशासन की उदासीनता के कारण योजनाओं का लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। वार्ड सदस्य नवल किशोर सिंह ने कई बार शिकायत भी है। नल-जल जैसी महत्वपूर्ण योजना अधूरी रहने से लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द राशि आवंटित कर योजनाओं को पूर्ण कराने और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनआंदोलन की चेतावनी भी दी गई है। ( बनियापुर से के.के. गुप्ता ) परसा के परशुरामपुर से अस्सी लीटर शराब बरामद परसा,एक संवाददाता। स्थानीय पुलिस ने थानाक्षेत्र के परशुरामपुर से देसी शराब बरामद किया। पुलिस के आने की भनक देख धंधेबाज प्लास्टिक के बैग में रखी शराब छोड़कर भाग निकला। बरामद की गई शराब की मात्रा अस्सी लीटर बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं सुमन छपरा तीन दिनों पहले बरामद की गई शराब के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की और फरार चल रहे धंधेबाज को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया धंधेबाज सुमन छपरा निवासी सालिक महतो है जिसे जेल भेज दिया गया। परसा से एम कुमार

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।