
पहलेजा घाट में गंगा नदी पर निर्मित पीपा पुल जर्जर : दुर्घटना को दे रहा आमंत्रण
सोनपुर के पहलेजा घाट से दियारा गांवों के लिए जाने वाले पीपा पुल की सड़क जर्जर हो गई है, जिससे लोगों और वाहनों को बड़ी परेशानी हो रही है। दुर्घटना का खतरा बना हुआ है और कई बार प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया गया है, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ है।
सोनपुर। सोनपुर के पहलेजा घाट से गंगा नदी के उस पार दियारा के गांवों में जाने के लिए गंगा नदी पर निर्मित पीपा पुल की सड़क काफी जर्जर हो गयी है। पीपा पुल की सड़क में जगह - जगह गड्ढे बन गए हैं । लोगों के अलावा छोटे-बड़े वाहनों के आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस पीपा पुल के माध्यम से दियारा के दर्जनों गांवों के सैकड़ों लोग प्रतिदिन बाजार, अस्पताल, प्रखंड व अनुमंडल कार्यालय आते जाते हैं। पीपा पुल के जर्जर रास्ते की मरम्मत करने की मांग को लेकर कई बार प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया गया लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई सार्थक कदम नहीं उठाया जा सका है।
सामाजिक कार्यकर्ता यशवंत कुमार ने रविवार को बताया कि इस समस्या के प्रति कई बार प्रशासनिक पदाधिकारीयों का ध्यान आकृष्ट किया गया पर अभी तक पीपा पुल की जर्जर सड़क की मरम्मत नहीं की जा सकी। उन्होंने यह भी बताया कि पहलेजा घाट के सामने गंगा नदी के उस पार में लगभग 1 लाख से ज्यादा लोगों की आबादी है। उनके आने जाने का एक मात्र साधन यही पीपा पुल है। उनके अलावा मुखिया अनिल राय, प्रेम किशोर सिंह, कसमर पंचायत के पूर्व मुखिया ओम प्रकाश पटेल, रजत किशोर सिंह, रामनरेश शर्मा, शैलेन्द्र सिंह, पप्पू पटेल आदि सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधियों ने अविलंब जर्जर पीपा पुल की सड़क की मरम्मत कराने की प्रशासन से मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




