Chapra News: प्लेटफॉर्मों के अंतिम छोर पर लगेंगे काउ कैचर
Chapra News: डिप्टी सीसीएम ने प्लेटफॉर्म पर जानवरों की रोकथाम के दिए सख्त निर्देशको छपरा जंक्शन का औचक निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं एवं स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्लेटफॉर्म पर कभी-कभी आवारा पशुओं के दिखाई...

Chapra News: डिप्टी सीसीएम ने प्लेटफॉर्म पर जानवरों की रोकथाम के दिए सख्त निर्देश वाहन स्टैंड की व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, साफ-सफाई तथा यात्री सुविधा का जायजा लिया छपरा, हमारे संवाददाता।
निरीक्षण विवरण
पूर्वोत्तर रेलवे के डिप्टी मुख्य वाणिज्य प्रबंधक रूपेश कुमार ने रविवार को छपरा जंक्शन का औचक निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं एवं स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्लेटफॉर्म पर कभी-कभी आवारा पशुओं के दिखाई देने की समस्या पर उन्होंने गंभीर चिंता जताई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में प्लेटफॉर्म पर मवेशी या अन्य जानवर नजर नहीं आने चाहिए। इसके लिए स्टेशन के दोनों छोर पर काउ कैचर लगाने का निर्देश दिया, ताकि जानवर प्लेटफॉर्म क्षेत्र में प्रवेश न कर सकें और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
साफ-सफाई और खानपान
उन्होंने स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डिप्टी सीसीएम ने प्लेटफॉर्म पर साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं, खानपान स्टॉलों तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन पर संचालित सभी खानपान स्टॉलों की जांच करते हुए गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही स्टॉल संचालकों को यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने की हिदायत दी।
वाहन स्टैंड की व्यवस्था
इसके अलावा उन्होंने स्टेशन परिसर स्थित चारपहिया एवं दोपहिया वाहन स्टैंड का भी निरीक्षण किया। वाहन स्टैंड की व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, साफ-सफाई तथा यात्रियों की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित होनी चाहिए, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीसीएम ने अधिकारियों से स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास एवं रखरखाव कार्यों की जानकारी भी ली और यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
उपस्थित अधिकारी
इस अवसर पर स्टेशन अधीक्षक राजन कुमार, मुख्य टिकट निरीक्षक नरेंद्र राय सहित वाणिज्य, परिचालन एवं अन्य विभागों के रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का शीघ्र अनुपालन कराने का भरोसा दिलाया।


