Hindi NewsBihar NewsChapra NewsCultural Extravaganza at Sonpur Mela Local Talents Shine
सोनपुर मेला में कला कुंज हाजीपुर वैशाली संस्था की रंगारंग प्रस्तुति, दर्शक हुए मंत्रमुग्ध

सोनपुर मेला में कला कुंज हाजीपुर वैशाली संस्था की रंगारंग प्रस्तुति, दर्शक हुए मंत्रमुग्ध

संक्षेप:

छपरा में सोनपुर मेला के सांस्कृतिक मंच पर कला कुंज हाजीपुर ने आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कलाकारों ने भजन, नृत्य और गज़ल के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन किया। शिवांगी राज सहित कई कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से मेला की सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत किया। इस आयोजन ने स्थानीय प्रतिभाओं को एक नया मंच प्रदान किया।

Nov 12, 2025 09:36 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, छपरा
share Share
Follow Us on

छपरा, हमारे प्रतिनिधि। जिला प्रशासन छपरा के कला, संस्कृति व युवा विभाग के तत्वावधान में सोनपुर मेला के सांस्कृतिक मंच पर मंगलवार की शाम कला कुंज हाजीपुर (वैशाली) संस्था की ओर से आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रस्तुत की गई। संस्था के कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम की शुरुआत कलाकार शिल्पा ने ‘जय जय भैरवी’ भजन पर भावनात्मक नृत्य से की, जिसे दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा। इसके बाद कलाकार मंटू व कृष्ण चंचल ने भजन और ग़ज़ल की मधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। दोनों कलाकारों की आवाज़ और सुर ने मंच का वातावरण भक्तिमय और संगीतमय बना दिया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

वहीं, रिया, संजय राय और शिल्पा की संयुक्त प्रस्तुति ने मंच पर एक नई ऊर्जा का संचार किया। नाल पर संगत कर रहे कलाकार अमरनाथ भगत व पखावज पर फूल बाबू ने अपने सुर और ताल के कौशल से संगीत की गहराई का परिचय दिया। इस अवसर पर शिवांगी राज सहित कई अन्य कलाकारों ने भी कला कुंज हाजीपुर की ओर से शानदार प्रस्तुति दी। दर्शकों ने सभी प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान मेला मैदान में उपस्थित दर्शकों ने कहा कि सोनपुर मेला न केवल व्यापार और आस्था का केंद्र है, बल्कि बिहार की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक भी है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलता है और कला-संस्कृति के संरक्षण को नई दिशा मिलती है। सोनपुर के सांस्कृतिक मंच पर शाम तक चले इस कार्यक्रम में कई वरीय कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं, जिससे मेला परिसर देर रात तक संगीत और तालियों की गूंज से सराबोर रहा।