भू-अर्जन में तेजी लाकर तय समय में पूरी हों परियोजनाएं : आयुक्त

Mar 07, 2026 09:18 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, छपरा
share

सारण प्रमंडल के आयुक्त मनीष कुमार ने शनिवार को सारण, सीवान और गोपालगंज जिलों की विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने टाइमलाइन निर्धारित कर सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग का निर्देश दिया। भू-अर्जन से संबंधित मामलों को प्राथमिकता देने और सभी बाधाओं को दूर करने पर जोर दिया गया।

भू-अर्जन में तेजी लाकर तय समय में पूरी हों परियोजनाएं :  आयुक्त

सारण, सीवान व गोपालगंज की प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति पर आयुक्त की नजर विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में आयुक्त ने टाइमलाइन तय कर मॉनिटरिंग का निर्देश फोटो 10 सारण प्रमंडल के विकास योजनाओं की समीक्षा करते प्रमंडलीय आयुक्त मनीष कुमार छपरा, नगर प्रतिनिधि। सारण प्रमंडल के आयुक्त मनीष कुमार ने शनिवार को प्रमंडल अंतर्गत चल रही महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सारण, सीवान और गोपालगंज जिलों के जिलाधिकारियों से विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए कई आवश्यक निर्देश दिए।समीक्षा बैठक में आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं को समय पर पूरा करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसके लिए सभी परियोजनाओं के लिए स्पष्ट टाइमलाइन निर्धारित कर उसी के आधार पर कार्य प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को जल्द दूर कर कार्य को गति दी जाए ताकि आम जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।बैठक के दौरान आयुक्त ने विशेष रूप से भू-अर्जन से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कई परियोजनाएं भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में देरी के कारण प्रभावित होती हैं, इसलिए जिला प्रशासन इस प्रक्रिया को तेजी से पूरा करे। इसके साथ ही जिन परियोजनाओं में वन विभाग से संबंधित अनुमति या अन्य प्रक्रियाएं लंबित हैं, उनका भी प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सारण जिले में चल रही प्रमुख परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनएच 139W (बाकरपुर-मानिकपुर), राम‑जानकी मार्ग (सीवान-मशरक) और खनुआ नाला परियोजना के कार्यों की प्रगति जारी है। इसके अलावा छपरा शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जलनिकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए समेकित ड्रेनेज प्लान पर विभिन्न विभागों के समन्वय से काम किया जा रहा है। वहीं सीवान के जिलाधिकारी विबेक मैत्रेय ने बैठक में जानकारी दी कि राम-जानकी पथ के दो अलग-अलग खंडों पर कार्य की प्रगति जारी है। इसके साथ ही सीवान जिले में लगभग 360 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए निविदा प्रक्रिया चल रही है। इस दौरान आयुक्त ने जीरादेई के समग्र विकास के लिए एक समेकित विकास योजना तैयार करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि यहां ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए एक स्मारक (मेमोरियल) सहित व्यापक विकास योजना तैयार की जाए।गोपालगंज जिले की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि सारण तटबंध उच्चीकरण परियोजना व उससे संबंधित सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य के साथ-साथ गोपालगंज बाईपास परियोजना की प्रगति पर काम किया जा रहा है।बैठक के अंत में आयुक्त मनीष कुमार ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सारण जिले के विभिन्न तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंता और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं सीवान और गोपालगंज जिलों के जिलाधिकारी और संबंधित तकनीकी और गैर-तकनीकी विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। - 100 सिपाहियों का साक्षात्कार, कार्य-प्रदर्शन व सेवा संबंधी बिंदुओं की समीक्षा छपरा, हमारे संवाददाताl पुलिस लाइन में आयोजित सिपाहियों के साक्षात्कार में 100 सिपाहियों का सीनियर एसपी विनीत कुमार ने साक्षात्कार लिया। इस दौरान सिपाहियों के कार्य-प्रदर्शन, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा व सेवा से संबंधित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। सिपाहियों से उनके कार्य अनुभव, सेवा संबंधी समस्याओं और सुझावों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही पुलिस बल की कार्यक्षमता व अनुशासन को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए । सिपाहियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन व जिम्मेदारी के साथ करने और आमजन के साथ संवेदनशील व मर्यादित व्यवहार बनाए रखने के लिए निर्देशित किया गया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।