
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा से सारण को मिलेगी विकास की नई दिशा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 22 जनवरी को सारण जिले का दौरा करेंगे। इस यात्रा के दौरान विकास योजनाओं का निरीक्षण, उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। मुख्यमंत्री महिलाओं से संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। प्रशासन ने यात्रा के लिए तैयारियों को तेज कर दिया है, जिससे विकास की दिशा में नई उम्मीदें जागृत हुई हैं।
22 जनवरी को सारण में मुख्यमंत्री का होगा आगमन जिला मुख्यालय के साथ-साथ नैनी, फकुली एवं उमधा गांव में विकास योजनाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा छपरा, नगर प्रतिनिधि। सारण के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम के रूप में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 22 जनवरी को समृद्धि यात्रा के तहत सारण जिले के दौरे पर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के इस प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन से लेकर राज्य मुख्यालय तक व्यापक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविन्द कुमार चौधरी ने इस संबंध में प्रमंडलीय आयुक्त, पुलिस उप महानिरीक्षक, जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा कार्यक्रम को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि मुख्यमंत्री के सारण आगमन के दौरान जिले में संचालित महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही जिले की कई अहम परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन व कार्यारंभ भी प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री विशेष रूप से महिलाओं से जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से संवाद करेंगे, ताकि जमीनी स्तर पर योजनाओं की प्रगति और प्रभाव का प्रत्यक्ष आकलन किया जा सके। इसके अतिरिक्त जिलास्तरीय योजनाओं की समीक्षा बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें विकास की दिशा, उपलब्धियां और भावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।राज्य मुख्यालय के निर्देश के आलोक में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के लिए समय से सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। मालूम हो कि योजनाओं के स्थल निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव एवं सचिव अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। वहीं समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और निर्धारित विषयों से जुड़े विभागों के वरीय अधिकारी भी भाग लेंगे। इससे यह स्पष्ट है कि राज्य सरकार सारण के विकास को लेकर गंभीर और प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला मुख्यालय के साथ-साथ सदर प्रखंड के नैनी, फकुली व उमधा गांव में विकास योजनाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इन क्षेत्रों में सड़कों, भवनों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं खेल सुविधाओं को संवारा जा रहा है, ताकि मुख्यमंत्री के समक्ष जिले की विकासात्मक तस्वीर और बेहतर ढंग से प्रस्तुत की जा सके। जिले के वरीय पदाधिकारी अपने-अपने विभागों के अधीन संचालित योजनाओं को समय से पूरा करने में जुटे हुए हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण के नेतृत्व में विद्यालयों का रंग-रोगन व साफ-सफाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है। विद्यालय परिसरों को आकर्षक और सुविधाजनक बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित हो सके। वहीं आईसीडीएस के तत्वावधान में आंगनबाड़ी केंद्रों को भी नया और आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है, जिससे माताओं और बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल व बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में मनरेगा के तहत रनिंग ट्रैक, वालीबॉल ट्रैक सहित अन्य खेल सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही पेयजल, स्वच्छता, सड़क, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले विकास कार्यों की झलक धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा सारण के विकास में एक नई नजीर पेश करेगी। प्रथम चरण में ही सारण को इस यात्रा में शामिल किया जाना जिले के लिए गर्व का विषय है। इससे लोगों में यह विश्वास और मजबूत हुआ है कि मुख्यमंत्री का सारण के प्रति विशेष स्नेह और लगाव हमेशा बना रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और स्थानीय लोग इस यात्रा से विकास की नई उम्मीदें लगाए बैठे हैं। राजनीति व प्रशासन से जुड़े लोगों का मानना है समृद्धि यात्रा के माध्यम से सारण को विकास की नई गति मिलने की पूरी संभावना है, जिससे जिला न केवल राज्य बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान और मजबूत कर सकेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




