भीषण शीतलहर व घने कोहरे को लेकर सारण में ऑरेंज अलर्ट

Dec 19, 2025 09:11 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, छपरा
share Share
Follow Us on

सारण में बढ़ती ठंड और घने कोहरे के कारण जिला प्रशासन ने एहतियातन सलाह जारी की है। नागरिकों को घर से बाहर न निकलने और विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 21 दिसंबर तक पढ़ाई बंद रहेगी, जबकि बच्चों को गर्म मिड डे मील दिया जाएगा।

भीषण शीतलहर व घने कोहरे को लेकर सारण में ऑरेंज अलर्ट

जिला प्रशासन ने जारी किया एहतियातन एडवाइजरी अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह छपरा, नगर प्रतिनिधि। सारण में लगातार बढ़ती ठंड और घने कोहरे के मद्देनजर आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार सरकार व बिहार मौसम सेवा केंद्र, पटना ने पश्चिमी और मध्य भाग के अधिकांश क्षेत्रों में घने कोहरे और भीषण शीतलहर की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के इस अलर्ट के बाद सारण जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों से शीतलहर के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। जिला पदाधिकारी ने कहा है कि अत्यधिक ठंड और कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

ऐसे में आम नागरिक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और यथासंभव घर के अंदर सुरक्षित रहें। विशेष रूप से वृद्ध, बच्चे व बीमार व्यक्ति को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। यदि किसी कारणवश घर से बाहर निकलना अनिवार्य हो, तो समुचित ऊनी व गर्म कपड़े पहनकर ही निकलें। बाहर जाते समय सिर, चेहरा, हाथ और पैर को भी अच्छी तरह से ढंकना आवश्यक है, ताकि शरीर को ठंड से बचाया जा सके। प्रशासन ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे समाचार पत्र, रेडियो, टेलीविजन व सोशल मीडिया के माध्यम से मौसम की ताजा जानकारी लेते रहें। मौसम में अचानक बदलाव की स्थिति में सतर्क रहना अत्यंत जरूरी है। ठंड के मौसम में शरीर में उष्मा बनाए रखने के लिए पौष्टिक आहार का सेवन करें तथा गर्म पेय पदार्थ जैसे चाय, सूप या गर्म दूध का उपयोग करें। एडवाइजरी में आग और धुएं से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर भी चेतावनी दी गई है। बंद कमरों में जलती हुई लालटेन, दीया या कोयले की अंगीठी का प्रयोग करते समय धुएं के निकास की समुचित व्यवस्था अवश्य करें। प्रयोग के बाद इन्हें अच्छी तरह बुझा देना आवश्यक है, क्योंकि लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। इसी प्रकार हीटर, ब्लोअर आदि विद्युत उपकरणों का उपयोग करने के बाद उन्हें स्विच ऑफ करना न भूलें, अन्यथा आग लगने या करंट जैसी घटनाएं हो सकती हैं। डीएम ने कहा है कि जिला प्रशासन द्वारा शीतलहर के समय सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गयी है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे इन अलावों का लाभ उठाकर स्वयं को ठंड से बचाएं, विशेषकर रात और सुबह के समय जब तापमान अत्यधिक गिर जाता है। स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से भी प्रशासन ने जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उच्च रक्तचाप, मधुमेह व हृदय रोग से पीड़ित मरीज नियमित रूप से चिकित्सक की सलाह लेते रहें। सामान्यतः धूप निकलने पर ही घर से बाहर निकलें। किसी विशेष परिस्थिति या अस्वस्थता की स्थिति में नजदीकी सरकारी अस्पताल से अविलंब चिकित्सा परामर्श लें। शीतलहर का प्रभाव पशुओं पर भी पड़ता है। प्रशासन ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को ठंड से बचाने के लिए समुचित व्यवस्था करें। पशुओं को ठंड लगने की स्थिति में तुरंत नजदीकी पशु अस्पताल ले जाकर पशु चिकित्सक की सलाह लें। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, सारण से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर 473379233, 9110129998, 7485009731 तथा दूरभाष संख्या 06152-245023 जारी की गई है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सतर्कता और सावधानी बरतकर ही इस शीतलहर के दौर को सुरक्षित रूप से पार करें। इनसेट सारण में 21 दिसंबर तक स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ाई बंद डीएम ने जारी किया दिशा निर्देश आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को 12 बजे से 2 बजे तक गर्म मिड डे मील मिलेगा छपरा, नगर प्रतिनिधि। सारण जिले में पिछले दो दिनों से लगातार चल रही शीतलहर और गिरते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से अहम फैसला लिया है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के हस्ताक्षर से जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी व निजी विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों में 21 दिसंबर तक शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी। प्रशासन का यह निर्णय खासकर छोटे बच्चों और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर लिया गया है। जिलाधिकारी द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि अत्यधिक ठंड और शीतलहर के कारण बच्चों के बीमार पड़ने की आशंका बढ़ गई है। इसी को देखते हुए एहतियातन यह कदम उठाया गया है। हालांकि आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को 12 बजे से 2 बजे तक गर्म मिड डे मील उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि पोषण संबंधी जरूरतें प्रभावित न हों। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मिशन दक्ष और बोर्ड परीक्षा से संबंधित गतिविधियों को इस आदेश से मुक्त रखा गया है। बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे विद्यार्थियों की पढ़ाई पूरी सावधानी के साथ संचालित की जाएगी। इसके तहत बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए कक्षाएं सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक ही आयोजित की जाएंगी, जिससे अत्यधिक ठंड के समय उन्हें बाहर न निकलना पड़े।जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों से आदेश का सख्ती से अनुपालन करने की अपील की है। साथ ही कहा गया है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी उचित निर्णय लिया जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;