मकर संक्रांति को लेकर बाजारों में उमड़ा उत्साह, घाटों पर तैयारियां पूरी
पेज पांच की लीड लेकर बुधवार को बाजारों में दिनभर रौनक बनी रही। गुरुवार को जिलेभर में मकर संक्रांति का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर शहर के साहेबगंज सरकारी बाजार, गुजरी...

छपरा, हमारे प्रतिनिधि। छपरा जिले में मकर संक्रांति को लेकर बुधवार को बाजारों में दिनभर रौनक बनी रही। गुरुवार को जिलेभर में मकर संक्रांति का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर शहर के साहेबगंज सरकारी बाजार, गुजरी बाजार और भगवान बाजार में भारी भीड़ देखी गई। श्रद्धालु मकर संक्रांति में उपयोग होने वाले चूड़ा, दही, तिलकुट, गुड़, तिल, मूंगफली सहित अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी में व्यस्त रहे। दुकानदारों के अनुसार इस बार पर्व को लेकर अच्छी बिक्री हो रही है और ग्रामीण इलाकों से भी लोग खरीदारी के लिए शहर पहुंचे। युवाओं में पतंगबाजी का क्रेज मकर संक्रांति के मौके पर युवाओं और किशोर उम्र के लड़कों में पतंगबाजी को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
शहर के विभिन्न इलाकों में पतंग और मांझे की दुकानों पर युवाओं की भीड़ उमड़ी रही। रंग-बिरंगी पतंगों की खरीदारी के साथ ही बच्चे और युवा पूरे दिन पतंग उड़ाने की योजना बनाते नजर आए। कई स्थानों पर पतंगबाजी को लेकर मित्रों के बीच प्रतिस्पर्धा का माहौल भी दिखा। पवित्र स्नान और दान का महत्व मकर संक्रांति को लेकर जिले में धार्मिक उत्साह का माहौल है। मान्यता के अनुसार शुभ मुहूर्त में गुरुवार को श्रद्धालु पवित्र नदियों में स्नान कर दान-पुण्य करेंगे। इसे ‘प्रथम पुरुष स्नान’ भी कहा जाता है, जिसमें स्नान के बाद दान करने का विशेष महत्व है। श्रद्धालु स्नान के बाद अन्न, वस्त्र, तिल और गुड़ का दान करेंगे। घाटों पर की जा रही विशेष व्यवस्था मकर संक्रांति के अवसर पर जिले के विभिन्न नदी घाटों पर स्नान की तैयारियां की जा रही हैं। माझी के मोहर्रम सिंह घाट के अलावा डोरीगंज और रिविलगंज के नदी घाटों पर साफ-सफाई और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। स्थानीय प्रशासन और नगर निकाय की ओर से घाटों की सफाई, बैरिकेडिंग और प्रकाश की व्यवस्था की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने जारी किए निर्देश मकर संक्रांति को देखते हुए प्रशासन ने भी कई प्रमुख निर्देश जारी किए हैं। घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, भीड़ प्रबंधन और आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहने को कहा गया है। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से पर्व मनाएं। आज होगा मांझी के रामघाट पर कुश्ती महादंगल, राज्यभर के पहलवान दिखाएंगे दमखम दाउदपुर (मांझी)। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर गुरुवार को 15 जनवरी को मांझी के ऐतिहासिक रामघाट में राज्यस्तरीय कुश्ती महादंगल का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक एवं युवा नेता ई. सौरभ सन्नी उर्फ पंडित जी ने बताया कि रामघाट पर पिछले 60 वर्षों से निरंतर कुश्ती दंगल की परंपरा चली आ रही है, जो क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने बताया कि इस महादंगल में उत्तर प्रदेश व बिहार के नामचीन पहलवान अखाड़े में उतरकर अपने शौर्य, शक्ति और दांव-पेंच का प्रदर्शन करेंगे। यूपी के बलिया, गाजीपुर, आजमगढ़ और बिहार के छपरा, सीवान, बक्सर, रोहतास और आरा के पहलवानों की सहभागिता से मुकाबले बेहद रोमांचक होंगे। प्रतियोगिता में विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, कुश्ती प्रेमियों की भारी भीड़ जुटने की संभावना है, जिससे रामघाट का वातावरण पूर्णतः उत्सवमय व ऊर्जावान रहेगा। दरियापुर में मकर संक्रांति मिलन समारोह आयोजित,कई अतिथि हुए शामिल फोटो-13- दरियापुर के सूतिहार में आयोजित मकर संक्रांति मिलन समारोह में शामिल वरिष्ठ आईपीएस विकास वैभव,कुलपति प्रमेंद्र बाजपेई सहित अन्य स्थिति। दरियापुर। प्रखंड के सुतिहार में बीजेपी नेता सुमंत बाबा के आवास पर लेट्स इंस्पायर बिहार के तत्वावधान में मंगलवार की शाम मकर संक्रांति मिलन समारोह का आयोजन हुआ।मिलन समारोह में मौजूद वरिष्ठ आईपीएस विकास वैभव,आईआरएस संकल्प नारायण सिंह,जेपी यूनिवर्सिटी के कुलपति परमेंद्र बाजपेई सहित सभी अतिथियों को अंग वस्त्र व फूलमाला के साथ स्वागत किया गया।समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने प्रेम भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विकास वैभव ने कहा कि हर पर्व देश में शांति और भाईचारे की सीख देता है।कुलपति प्रमेंद्र बाजपेई ने कहा कि त्योहार प्रेम भाईचारे के लिए ही बनाए गए हैं।इसलिए हर पर्व त्यौहार आपसी सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए। सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह, प्रो हरेन्द्र सिंह,पूर्व मुखिया हरि सहनी,बीजेपी नेता अनिल सिंह समाजसेवी खुशबु ठाकुर, मुखिया प्रतिनिधि छोटू ओझा, समाजसेवी शुभम शर्मा,बीजेपी मंडल अध्यक्ष सह सरपंच मंटू बाबा,मोनू कुमार सिंह, मुखिया सुधीर अकेला, मुखिया पंकज मांझी , अरुण मेहता,सोनू सिंह, सुनील गुप्ता,हरिशंकर कुमार, सीमा सिंह, शिक्षक नेता पवन सिंह,गुड्डू सिंह पंचायत समिति मुकेश कुमार,जीतेन्द्र सिंह,अशोक सिंह,मुन्ना सिंह,अंकित सिंह,पप्पू सिंह,अरुण सिंह,मंटू गुप्ता, सचिन शर्मा आदि शामिल हुए। ---

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




