Hindi NewsBihar NewsChapra NewsBihar PSC 71st Exam Candidates Report Mixed Difficulty High Cutoff Expected

बीपीएससी 100 से अधिक अंक पर कटऑफ की उम्मीद

अभ्यर्थियों ने कहा-प्रश्नों का स्तर ठीक था परीक्षा 01 पाली में ली गई परीक्षा फोटो 3 शहर के गंगा सिंह परीक्षा केंद्र पर परीक्षा के निरीक्षण के दौरान डीएम अमन समीर, एसएसपी कुमार आशीष, साथ में...

Newswrap हिन्दुस्तान, छपराSat, 13 Sep 2025 09:25 PM
share Share
Follow Us on
बीपीएससी 100 से अधिक  अंक पर कटऑफ की उम्मीद

छपरा, नगर प्रतिनिधि। बीपीएससी की 71 वी संयुक्त परीक्षा में प्रश्नों का स्तर मिला-जुला रहा। अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नों का स्तर ठीक था। वहीं परीक्षा विशेषज्ञों ने बताया कि जिस तरह के प्रश्न पूछे गए उसके हिसाब से अधिक कटऑफ पर चयन होगा। एक परीक्षा विशेषज्ञ ने बताया कि बीपीएससी की ओर से 71 वीं प्रारंभिक परीक्षा के प्रश्न सरल और बिना उलझे हुए थे। जिन बच्चों ने नौवीं से 10 वीं की किताबें गहराई से पढ़ी होगी। उन्होंने सारे के सारे प्रश्नों का आंसर दे दिया होगा। करंट अफेयर्स के प्रश्न छह महीना के प्रतियोगिता दर्पण से पूछे गये थे।

100 से कम किसी भी परिस्थिति में कट ऑफ जाने की संभावना नहीं है। बीपीएससी के द्वारा जिस तरह का प्रश्न पूछा गया था। वह किसी भी रूप में अधिकारी लेवल के प्रश्न नहीं थे। गंगा सिंह कॉलेज परीक्षा केंद्र से परीक्षा देकर बाहर निकले पटना के गौरव ने बताया कि प्रश्नों का कठिनाई स्तर साधारण प्रकृति का था। सर्वाधिक प्रश्न करेंट अफेयर्स से था। सामान्य विज्ञान से 21-22 प्रश्न ही थे, जबकि 30 की अपेक्षा थी। भूगोल जैसे बड़े विषय से भी कम प्रश्न थे।बिहार के सामाजिक पहलू से संबंधित कई प्रश्न पूछे गए थे। ग्राउंड जीरो क्या है भारत का सबसे बड़ा द्वितीय नदी बेसिन कौन सा है, दुनिया का सबसे बड़ा नदी द्वीप कौन सा है, अलकनंदा और भागीरथी के संगम का स्थल है, 1911 में कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय में भारतीय दर्शनशास्त्र के प्रोफेसर बनने का किसे अवसर मिला था ,पंचायतों में वित्तीय स्थिति की समीक्षा के लिए कौन अधिकृत है जैसे प्रश्न पूछे गए थे। सारण एकेडमी परीक्षा केंद्र की परीक्षार्थी मोनिकाने कहा कि परीक्षा में पूछे गए प्रश्न अवधारणामूलक व तथ्यात्मक दोनों प्रकार के थे। प्रश्न की प्रकृति परंपरागत थी। इतिहास विषय से भी प्रश्न पूछे गए थे, जिसमें बिहार से संबंधित प्रश्नों की बहुलता थी। इसके अलावा भूगोल, भारतीय राजव्यवस्था व संविधान ,भारतीय अर्थव्यवस्था, सामान्य विज्ञान, समसामयिक घटना चक्र और गणित विषय से संबंधित प्रश्न थे। प्रश्न स्तरीय व गहराई से पूछे गए थे। एनसीईआरटी और टेस्ट बुक का गहनता से अध्ययन जिन परीक्षार्थियों ने किया होगा उनकी परीक्षा अच्छी गयी। प्रीवियस ईयर के प्रश्न पत्रों का गहराई से अध्ययन करने वाले परीक्षार्थियों को काफी फायदा हुआ। शांतिपूर्ण संपन्न हुई परीक्षा बीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा शनिवार को सारण में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। जिले के 37 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गयी थी। जैमर -सीसीटीवी की जद में परीक्षार्थी थे।अयोग से मिले गाइडलाइंस के मुताबिक, प्रश्न पत्र परीक्षा हॉल में परीक्षार्थियों के सामने खोला गया। परीक्षा समाप्ति के बाद भी परीक्षार्थियों के समक्ष उत्तरपुस्तिका की पैकिंग भी हुई। जिले में 37 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित थी। 11 बजे के बाद आने वाले परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं दिया गया। बाहर से आये परीक्षार्थियों का केंद्र ढूंढने में पसीना छूटता रहा। कई केन्द्रों पर परीक्षार्थी 11.10 बजे के बाद तक पहुंचते रहे। ऐसे परीक्षार्थियों की परीक्षा छूट गई। 12 बजे से शुरू परीक्षा के लिए कई केन्द्रों पर परीक्षार्थी 8 बजे ही पहुंच गये थे। 9.30 बजे से परीक्षार्थियों को प्रवेश कराया गया। परीक्षा कक्ष में भी दोबारा परीक्षार्थियों की तलाशी ली गई। परीक्षा के लिए कुल 17916 परीक्षार्थियों की सिटिंग प्लानिंग की गई थी।इनमें 12034 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। 5882 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सुरक्षा के कड़े प्रबंध, प्रवेश से पहले सघन तलाशी बीपीएससी का पेपर लीक नहीं हो इसको लेकर इस बार भी परीक्षा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे ।परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई ।परीक्षार्थियों के बैग को हॉल के बाहर जमा कराया गया। केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक सामान ले जाने की पूरी तरह से मनाही थी। छात्राओं की जांच के लिए महिला पुलिस बल की तैनाती की गई थी। कड़ी सुरक्षा के बीच कोषागार से प्रश्न पत्र व ओएमआर शीट लाये गये। वरीय पदाधिकारी लेते रहे जायजा आयोग से मिले दिशा निर्देश के मुताबिक परीक्षा के सही तरीके से संचालन के लिए जिला व पुलिस प्रशासन के वरीय पदाधिकारी केंद्रों का जायजा लेते रहे। डीएम अमन समीर, एसपी कुमार आशीष ,डीडीसी यतेंद्र कुमार पाल, एडीएम मुकेश कुमार, सदर एसडीओ नितेश कुमार,जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी रवि प्रकाश राय, विशेष कार्य पदाधिकारी मिंटू चौधरी, डीईओ निशांत किरण, डीपीओ धनंजय पासवान व अन्य पदाधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान निर्देश भी दिया। पदाधिकारियों ने परीक्षा के शांतिपूर्ण होने पर राहत की सांस ली। पीटी पास होने पर मिलेंगे 50 हजार बिहार सरकार ने बीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा में सफल होने पर एससी- एसटी के अभ्यर्थियों को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। एससी - एसटी उम्मीदवारों को 50 हजार रुपये परीक्षा पास होने पर मिलेंगे । सुनीता शर्मा,मोनिका पासवान,संजू चौहान व अन्य ने कहा कि परीक्षा में इस बार काफी प्रश्नों का हल किए हैं।पीटी परीक्षा तो जरूर निकल जाएगी और प्रोत्साहन राशि मिलनी तय है। प्रोत्साहन राशि को लेकर परीक्षार्थियों में काफी उत्साह देखा गया। कई ने बताया कि प्रोत्साहन राशि मिलने से तैयारी में काफी आर्थिक सहूलियत होगी कुछ महिला परीक्षार्थियों को परेशानी बीपीएससी की परीक्षा में कुछ महिला परीक्षार्थियों को काफी परेशानी मिली। शहर के सारण एकेडमी स्कूल परीक्षा केंद्र पर पटना से परीक्षा देने आई गुंजा ने कहा कि वह अपने पिताजी के साथ परीक्षा देने आयी है। काफी परेशानी हुई। पहले पटना में ही परीक्षा होती थी तो अकेले घर से परीक्षा देने चले जाती थी। हालांकि उसकी एक बहन का पटना में ही सेंटर है।इस तरह की बात कई अन्य महिला परीक्षार्थियों ने कही। शिक्षक, पुलिस के अलावा अन्य सरकारी विभागों में तृतीय श्रेणी पर कार्यरत महिला व पुरुष अभ्यार्थियों ने भी काफी संख्या में परीक्षा में भाग लिया। उनका कहना था कि राजपत्रित अधिकारी बनने के लिये परीक्षा देने आए हैं। मोबाइल लेकर पहुंचे छात्रों को रोका परीक्षा केंद्र पर छात्र जल्दीबाजी में मोबाइल लेकर पहुंच गए थे। उन्हें गेट पर ही रोक दिया गया। गर्ल्स स्कूल परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शुरू होने से कुछ देर पहले एक छात्र और छात्रा मोबाइल लेकर पहुंचे पर वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें बाहर ही रोक दिया। मोबाइल जमा करवाने के बाद ही उन्हें अंदर जाने दिया गया। ट्रैफिक व्यवस्था फेल पुलिस प्रशासन के स्तर पर ट्रैफिक व्यवस्था को सामान्य व सुचारू बनाए रखने के लिए समुचित कार्ययोजना नहीं बनाए जाने का खामियाजा परीक्षार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी उठाना पड़ा। नगरपालिका चौक, भगवान बाजार सहित कई जगहों पर जाम में परीक्षार्थी फंसे रहे। बाहर से आए परीक्षार्थियों ने कहा कि जाम का झाम पहली बार इस तरह देखने को मिला। वहीं अभिभावकों ने कहा कि प्रशासन को ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए समुचित संख्या में पुलिस बल तैनात करने की जरूरत थी। इनसेट महिला वीक्षकों की तैनाती नहीं होने से जांच में हुई फजीहत छपरा, नगर प्रतिनिधि। बिहार लोक सेवा आयोग जैसी परीक्षा में काफी संख्या में महिला परीक्षार्थी प्रत्येक वर्ष शामिल होती हैं। इस साल भी जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर काफी संख्या में आधी आबादी परीक्षा देने आई हुई थी। परीक्षा केंद्र के भीतर जाने से पहले महिला परीक्षार्थियों की जांच की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कई केंद्राधीक्षकों को परेशानी हुई। उन्होंने कहा कि पहले सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में महिला शिक्षकों की तैनाती की जाती थी लेकिन इस बार महिला वीक्षकों की तैनाती नहीं की गई थी।जानकारी के मुताबिक एनआईसी से वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई थी लेकिन सिर्फ पुरुष शिक्षकों की ही तैनाती की गई थी। इस कारण परीक्षा केंद्रों पर महिला परीक्षार्थियों की जांच में केंद्राधीक्षकों को काफी फर्जीहत उठानी पड़ी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग को आगे की प्रतियोगी परीक्षाओं में महिला व पुरुष वीक्षकों की तैनाती एनआईसी के माध्यम से करने की जरूरत है ताकि जांच के दौरान परेशानी न हो। जेपीयू में स्नातकोत्तर तृतीय सेमेस्टर का 15 से भरा जाएगा परीक्षा फॉर्म छपरा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जयप्रकाश विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर तृतीय सेमेस्टर (सीबीसीएस 2022-24) परीक्षा 2023 का परीक्षा पत्र 15 से 21 सितंबर तक भरा जाएगा। इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक ने सभी विभागाध्यक्षों और संबंधित प्राचार्यों को सूचना भेज दी है।भेजे गए पत्र में यह भी उल्लेख है कि स्नातकोत्तर द्वितीय सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी गयी है।उधर, एक अन्य अधिसूचना में परीक्षा नियंत्रक ने प्राचार्यों को निर्देश दिया है कि स्नातक द्वितीय सेमेस्टर (सीबीसीएस 2022-24) का परीक्षा पत्र भरने की तिथि बढ़ाकर अब 21 सितंबर तक कर दी गई है। इससे बड़ी संख्या में छात्रों को राहत मिलने की संभावना है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।