बिहार की सादगी और यहां की मेहनत से प्रभावित हुए अदाणी
बिहार को संभावनाओं की धरती बताते हुए गौतम अदाणी ने कहा कि बिहार में नई ऊर्जा और उत्साह का माहौल है। उन्होंने अस्पताल और स्कूल विकसित करने की दिशा में अदाणी समूह की रुचि का उल्लेख किया। मस्तीचक में नेत्र स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रम में उन्होंने समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

बिहार को बताया संभावनाओं की धरती पटना समेत अन्य शहरों में अस्पताल और स्कूल विकसित करने की दिशा में है सोच छपरा, नगर प्रतिनिधि। सारण के दरियापुर स्थित मस्तीचक में आयोजित नेत्र स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रम के दौरान अदाणी ने बिहार की सादगी और यहां की मेहनत की चर्चा की । उन्होंने कहा कि यह सम्भावनाओं की धरती है। बिहार के नए मुख्यमंत्री के कार्यों को लेकर पूछे गए सवाल पर गौतम अदाणी ने सम्राट चौधरी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार में नई ऊर्जा और नए उत्साह का माहौल दिखाई दे रहा है और राज्य तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अदाणी ने भरोसा जताया कि सरकार और निजी क्षेत्र के बेहतर सहयोग से बिहार आने वाले समय में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा। सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में सकारात्मक बदलाव की झलक मिल रही है। उन्होंने कहा कि अदाणी समूह भी बिहार में कई क्षेत्रों में सरकार के साथ मिलकर काम करने की इच्छा रखता है।
बिहारी होना अपने आप में गर्व
उन्होंने कहा कि बिहार संभावनाओं से भरा राज्य है और यहां के लोगों की मेहनत, सादगी और मजबूत इच्छाशक्ति उन्हें बेहद प्रभावित करती है। अदाणी ने कहा, बिहारी होना अपने आप में गर्व की बात है।उन्होंने कहा कि बिहार आकर उन्हें आत्मिक शांति का अनुभव हुआ और यहां के लोगों का अपनापन उन्हें विशेष रूप से प्रभावित कर गया।
बिजनेस के लिए ही नहीं सेवा के भाव का संकल्प लिए आये
अदाणी ने धूप में देर से खड़े हो कर इंतजार के लिए मीडिया से माफी मांगते हुए कहा कि उनकी सोच केवल व्यापार तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि वे सिर्फ बिजनेस के लिए बिहार नहीं आए हैं, बल्कि सेवा का भाव भी उनके संकल्प का हिस्सा है। उन्होंने कहा, सेवा ही साधना है और इसी सोच के साथ अदाणी समूह सामाजिक इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी काम करना चाहता है। उन्होंने पटना समेत अन्य शहरों में अस्पताल और स्कूल विकसित करने की दिशा में रुचि दिखाई।
तीन माह पहले टीम ने जुटाई जानकारी
मस्तीचक में संचालित अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल की कार्यशैली की सराहना करते हुए अदाणी ने कहा कि यह संस्थान ग्रामीण और गरीब लोगों के लिए जिस समर्पण के साथ काम कर रहा है, वह प्रेरणादायक है। तीन माह पहले उनकी टीम ने हॉस्पिटल के बारे में कई जानकारी जुटायी थी। उन्होंने बताया कि इसी वजह से अदाणी फाउंडेशन ने इस संस्थान के साथ जुड़कर इसे बड़े स्तर पर विस्तार देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में मस्तीचक को दुनिया के सबसे बड़े नेत्र चिकित्सा नेटवर्क के रूप में विकसित करने की योजना है, ताकि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सके।
अमेरिका प्रकरण पर टाल गए
वहीं, अमेरिका में अदाणी समूह से जुड़े एक मामले को लेकर पूछे गए सवाल पर गौतम अदाणी ने टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने इसे निजी मामला बताते हुए कहा कि विकास के रास्ते में चुनौतियां आती रहती हैं, लेकिन उनकी टीम हर परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार है। उनकी नीयत में कोई खोट नही है
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


