
सोनपुर मेला- दिल का चैन, रातों की नींदें चुराई है ...
प्रसिद्ध पार्श्व गायक अंकित तिवारी ने सोनपुर मेले में अपने गानों से दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम की शुरुआत उनके रोमांटिक गाने 'दिल का चैन' से हुई। अंकित ने 'ओ केसरी के लाल' और 'तू जो है तो मैं हूं' जैसे सुपरहिट गाने गाए, जिससे पूरे सभागार में उत्साह और तालियां गूंज उठीं।
प्रसिद्ध पार्श्व गायक अंकित तिवारी ने बांधा समां ओ केसरी के लाल, मेरा छोटा-सा यह काम गाकर जीता दिल छपरा, हमारे प्रतिनिधि। फिल्मी संगीत के चाहने वालों के लिए सोनपुर मेला में शनिवार की रात मंच पर एक के बाद एक सुपरहिट गीतों की गूंज ने माहौल को सुरम्य बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध पार्श्व गायक अंकित तिवारी के उस रोमांटिक लाइन से हुई, जिसने दर्शकों को तुरंत तालियों पर मजबूर कर दिया- दिल का चैन, रातों की नींदें चुराई है, लगता है फिर तेरी शामत आई है। इसके बाद माहौल तब आध्यात्मिक हुआ जब अंकित ने मधुर छटा बिखेरते हुए गाया- ओ केसरी के लाल, मेरा छोटा-सा यह काम है, मेरे रामजी से कह देना- जय सियाराम।

मुख्य आकर्षण रहे फिल्मी पार्श्व गायक अंकित तिवारी के लोकप्रिय गीत। जैसे ही उनकी आवाज़ में गाया गया मशहूर रोमांटिक गीत तू जो है तो मैं हूं, तेरे होने से होता हूं… गूंजा, पूरा सभागार रोशनी और तालियों के शोर से भर उठा। अंकित तिवारी की खनकती आवाज़ और दर्द भरी धुनों ने श्रोताओं को गहराई से छू लिया। कार्यक्रम में उनके अन्य सुपरहिट गीतों को भी शामिल किया गया, जिनमें फिल्म “आशिकी 2” का सदाबहार गाना सुन रहा है ना तू, रो रहा हूं मैं… और फिल्म एक विलेन का भावनात्मक गीत गलियां तेरी गलियां… दर्शकों की पहली पसंद बने। रोमांस से भरे गीत कुड़ी तू बटर… और दिल छू लेने वाले ट्रैक तू है कि नहीं… ने युवा श्रोताओं में खास उत्साह जगाया। उन्होंने बॉलीवुड की धुनों पर बेहतरीन प्रस्तुति दी। संगीत से सजी इस शाम ने यह साबित कर दिया कि फिल्मी गीतों की लोकप्रियता हर पीढ़ी के दिलों में आज भी उसी मधुरता के साथ बसती है-जो ना सिर्फ सुनने वालों को बांध लेती है बल्कि कई यादों को फिर ताज़ा कर जाती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




