गलत इलाज से अधेड़ की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
मकेर थाना क्षेत्र के मुरहियां गांव में गलत इलाज के कारण प्रभु महतो की मौत से ग्रामीण आक्रोशित हो गए। परिजनों ने दुकानदार पर लापरवाही का आरोप लगाया। घटना के बाद लोगों ने मकेर बाजार में सड़क जाम करने की कोशिश की। पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की जांच की जा रही है।

मकेर थाना क्षेत्र के मुरहियां गांव की घटना सड़क जाम की कोशिश, पुलिस ने समझाया मकेर (सारण), एक संवाददाता। मकेर थाना क्षेत्र के मुरहियां गांव में रविवार को गलत इलाज के कारण एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो जाने से आक्रोश फैल गया। मृतक की पहचान गांव के बूद्धू महतो के 50 वर्षीय पुत्र प्रभु महतो के रूप में की गई है। मिली जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह प्रभु महतो की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत हुई, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें मकेर बाजार स्थित एक दवा दुकान पर इलाज के लिए ले जाया। बताया गया कि उक्त दुकान पर एक निजी प्रैक्टिशनर इलाज करता है।
परिजनों का आरोप है कि दुकान पर पहुंचने के बाद दुकानदार ने पानी की बोतल (ड्रिप) चढ़ाना शुरू किया। इस दौरान प्रभु महतो की हालत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। जब स्थिति गंभीर हुई तो दुकानदार ने परिजनों से कहा कि मरीज को तुरंत बाहर ले जाएं। बेहोशी की हालत में परिजन उन्हें स्थानीय एक नर्सिंग होम ले गए, जहां से चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर बताते हुए पटना एम्स (पीएमसीएच) रेफर कर दिया। पटना में इलाज के दौरान ही प्रभु महतो की मौत हो गई। मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। शाम को बड़ी संख्या में लोग मकेर बाजार पहुंचे और दवा दुकान के सामने हंगामा करने लगे। कुछ समय के लिए सड़क जाम कर दी गई। बढ़ते तनाव को देखते हुए आसपास की दुकानें बंद हो गईं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पप्पू कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। मुखिया प्रतिनिधि संजीत राय ने भी आक्रोशित लोगों को समझाने में सहयोग किया। पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रित हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कहा है कि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। -- भेल्दी के युवक की पटना में सड़क दुर्घटना में मौत 21 - भेल्दी थाने के कटसा के युवक की सड़क हादसे में मौत के बाद रविवार को रोते विलखते परिजन भेल्दी, एक संवाददाता। स्थानीय थाने के कटसा गांव के राजीव कुमार उर्फ मिंटू सिंह (38) की पटना में शनिवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जाता है कि राजीव कुमार कुंभारा रोड स्थित यादव टिंबर के पास किसी कार्य से जा रहे थे। इस दौरान रात करीब साढ़े नौ बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को खबर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया व पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया। रविवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद जब राजीव कुमार का शव उनके पैतृक गांव कटसा पहुंचा, तो पूरे इलाके में मातम छा गया। घर पहुंचते ही पत्नी सुमन देवी, पुत्र आदित्य कुमार सिंह, पुत्री साक्षी कुमारी और लाडली कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां मुन्नी कुमारी अपने बेटे के निधन की खबर सुनकर बार-बार बेहोश हो जा रही थीं।गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सैकड़ों लोग अंतिम दर्शन के लिए राजीव के घर उमड़ पड़े। ग्रामीणों ने बताया कि राजीव मिलनसार, सरल और मददगार व्यक्ति थे। उनकी असामयिक मृत्यु से गांव में हर कोई स्तब्ध है। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मुखिया राकेश गुप्ता भी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया साथ ही आर्थिक सहयोग करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




