Chapra News: श्रावणी मेला को लेकर शिल्हौरी शिलानाथ मंदिर का किया निरीक्षण
Chapra News: मढ़ौरा में श्रावणी मेला को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसडीओ निधि राज और डीएसपी सविंदर कुमार दास ने बाबा शिलानाथ मंदिर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के लिए अलग कतारों और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

Chapra News: मढ़ौरा। एक संवाददाता श्रावण मास में लगने वाले श्रावणी मेला को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मढ़ौरा एसडीओ निधि राज एवं डीएसपी सविंदर कुमार दास ने शुक्रवार को प्रसिद्ध शिल्हौरी स्थित बाबा शिलानाथ मंदिर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर, गर्भगृह तथा श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग का जायजा लिया और मंदिर समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तैयारियाँ और व्यवस्थाएँ
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि सावन के दौरान जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग कराने तथा अरघा के माध्यम से जलाभिषेक की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सुरक्षा की समीक्षा
एसडीओ निधि राज ने मंदिर तक आने वाले मार्ग पर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को शीघ्र हटाने, मंदिर परिसर एवं आसपास नियमित साफ-सफाई कराने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। वहीं डीएसपी सविंदर कुमार दास ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंदिर के गर्भगृह, परिसर और मढ़ौरा-छपरा मुख्य मार्ग से मंदिर तक जाने वाले रास्ते पर पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल की तैनाती करने का निर्देश संबंधित थानाध्यक्ष को दिया। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु जलाभिषेक के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएंगी।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


