सारण के लाल अभिनव सिंह का परचम:एओआर परीक्षा प्रथम प्रयास में पास कर सुप्रीम कोर्ट में स्थापित की नई मिसाल
सारण के टेघरा गांव के अभिनव सिंह ने एडवोकेट्स-ऑन-रिकॉर्ड परीक्षा में पहली बार में सफलता हासिल की है। यह विशेष दर्जा सुप्रीम कोर्ट द्वारा अधिवक्ताओं को दिया जाता है। अभिनव, पूर्व आईपीएस जय प्रकाश सिंह के बेटे हैं, जिन्होंने CLAT में पांचवीं रैंक प्राप्त की और LSE से मास्टर्स डिग्री में मेरिट-सह-डिस्टिंक्शन हासिल किया।

सारण के टेघरा गांव के अभिनव सिंह ने एक बार फिर ज़िले का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है। देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा एडवोकेट्स-ऑन-रिकॉर्ड (AOR) में उन्होंने पहली ही कोशिश में शानदार सफलता हासिल की है। AOR वह विशिष्ट मान्यता है जिसे सुप्रीम कोर्ट ऑफ़ इंडिया द्वारा प्राप्त अधिवक्ताओं को दिया जाता है। इस विशेष दर्जे के बाद ही किसी वकील को सर्वोच्च न्यायालय में सीधे मामले दाखिल करने, याचिकाएँ प्रस्तुत करने और पैरवी का अधिकार मिलता है। भारतीय न्याय व्यवस्था में यह उपलब्धि अत्यंत सम्मानित मानी जाती है। अभिनव, पूर्व आईपीएस जय प्रकाश सिंह के सुपुत्र हैं। शुरू से मेधावी रहे अभिनव ने वर्ष 2013 की CLAT परीक्षा में अखिल भारतीय पाँचवीं रैंक हासिल कर नेशनल लॉ स्कूल ऑफ़ इंडिया यूनिवर्सिटी में प्रवेश पाया और वहीं से एलएलबी की डिग्री पूरी की।
कानूनी क्षेत्र में उन्होंने कई वरिष्ठ वकीलों और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों के साथ काम करने का महत्वपूर्ण अनुभव भी अर्जित किया। इसके बाद वर्ष 2023–24 में उन्होंने लंदन स्कूल ऑफ़ इकोनॉमिक्स से मास्टर्स डिग्री में मेरिट-सह-डिस्टिंक्शन हासिल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। सारण जिला के इस युवा अधिवक्ता की उपलब्धियाँ पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन गई हैं। उनकी लगन, मेहनत और उपलब्धियों ने यह साबित किया है कि सारण की धरती प्रतिभाओं से भरी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



