
काउंटिंग में बवाल बर्दाश्त नहीं, जीत के जुलूस पर भी रोक; चुनावी लड़ाई-झगड़े पर DGP की वार्निंग
Bihar Election Counting DGP: डीजीपी ने कहा कि लोग मतगणना केंद्रों के आस पास नहीं जाएं बल्कि घरों में मीडिया के माध्यम से काउंटिंग अपडेट लें। केंद्रों के आस पास निषेधाज्ञा लागू है।
Bihar Election Countig DGP: 14 नवम्बर को होने वाले बिहार चुनाव की मतगणना को लेकर पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था टाइट कर दिया गया है। जीडीपी विनय कुमार ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि काउंटिंग या रिजल्ट पर बवाल करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। उपद्रवी तत्वों को अभी से चिह्नित कर गिरफ्तारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने मतगणना केंद्र पर बेवजह भीड़ लगाने और जीत के बाद विजय जुलूस निकालने से मना कर दिया है। उन्होंने बिहार की जनता को रिकॉर्ड वोटिंग के लिए धन्यवाद दिया।

डीजीपी ने कहा कि चुनाव के दोनों चरणों में सुरक्षा व्यवस्था में कोई कोताही नहीं बरती गई। कड़ी सुरक्षा के बीच लोगों ने बढ़ चढ़कर मतदान किया। किसी भी बूथ पर रिपोलिंग की नौबत नहीं आई। नागरिकों ने चुनाव में काफी सहयोग किया। अब पूरा ध्यान काउंटिंग पर हैं। राज्य के सभी काउंटिंग सेंटर पर पर्याप्त संख्या में बलों की तैनाती की गई है। इन केंद्रों के आस पार प्रवेंटिव मेजर के तहत तलाशी अभियान भी चलाए जा रहे हैं। जिन पर किसी भी तरह का शक है उन्हें अभी से पकड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोग मतगणना केंद्रों के आस पास नहीं जाएं बल्कि घरों में मीडिया के माध्यम से काउंटिंग अपडेट लें। केंद्रों के आस पास निषेधाज्ञा लागू है।
डीजीपी ने कहा कि जीत के बाद विजय जुलुस की अनुमति नहीं है। कहा कि नक्सल इलाकों में भी लोगों ने काफी मतदान किया। महिलाओं ने खुलकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राज्य के लिए यह बड़ी उपलब्धी है। 106 कंपनी पारा मिलिट्री, 100 कंपनी बीएमपी, हजारों की संख्या में बिहार पुलिस बल को लगाया गया है। दूसरे राज्यों से आईं कंपनियां जो अभी तक नहीं लौट पाई हैं उनका उपयोग किया गया है। पुलिस ने लाठी बल, टियर गैस, वाटर कैनन, सशसत्र दस्ता सब को तैयार रखा है। आज से ही शहर के चारों ओर पुलिस का एक्शन शुरू हो गया है।
उन्होेंने कहा कि जो भी बेवजह किसी मामले में दखल देने की कोशिश करेंगे तो उनपर कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में बीएनएसएस 163 लागू रहेगा। पुलिस कहीं भीड़ नहीं लगने देगी। काउंटिंग में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।



