हां हम बिहारी हैं जी! UPSC में चाणक्य की धरती का परचम, टॉप-20 में 5; सभी 32 की लिस्ट देखें
बिहार के दो अभ्यर्थियों ने टॉप-10 में स्थान बनाकर अपना दबदबा कायम रखा। परीक्षा में मुजफ्फरपुर के राघव झुनझुनवाला ने चौथा स्थान प्राप्त किया, जबकि वैशाली के उज्ज्वल प्रियांक ने दसवां स्थान हासिल किया है।

Bihar in UPSC Result: संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया। परीक्षा में बिहार के अभ्यर्थियों ने एक बार फिर अपना लोहा मनवाया है। बिहार के दो अभ्यर्थियों ने टॉप-10 में स्थान बनाकर अपना दबदबा कायम रखा। परीक्षा में मुजफ्फरपुर के राघव झुनझुनवाला ने चौथा स्थान प्राप्त किया, जबकि वैशाली के उज्ज्वल प्रियांक ने दसवां स्थान हासिल किया है। वहीं सारण के यशस्वी राजवर्धन ने 11वां स्थान, औरंगाबाद की मोनिका श्रीवास्तव ने 16वां स्थान और नवादा के दृष्टिबाधित अभ्यर्थी रवि राज ने 20वां स्थान प्राप्त किया है।
मुजफ्फरपुर के राघव वर्णवाल बिहार टॉपर
मुजफ्फरपुर पांच साल की उम्र में पिता को खोने वाले राघव झुनझुनवाला ने यूपीएससी में चौथा रैंक पाया है। मुजफ्फरपुर शहर के पंकज मार्केट निवासी राघव ने 12वीं तक की पढ़ाई जीडी मदर स्कूल से की। 12वीं में भी राघव कॉमर्स में सूबे में टॉपर बने थे। 12वीं की पढ़ाई के बाद राघव श्री राम लेडी कॉलेज से स्नातक की शिक्षा लेने चले गए। यहां भी वह गोल्ड मेडलिस्ट रहे।
स्नातक के बाद राघव ने यूपीएससी की तैयारी शुरू की। उन्होंने बताया कि यह उनका तीसरा प्रयास था। हालांकि अगर कायदे से यह दूसरा प्रयास ही माना जाएगा, क्योंकि पहली बार परीक्षा के दौरान उन्हें डेंगू हो गया, जिसके कारण प्री परीक्षा पास करने के बाद भी वह मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। नाना बेनी प्रसाद चमाड़िया, मामा अरुण और ललित ने उन्हें स्नेह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित और मार्गदर्शन करते रहे। मामा अरुण ने बताया कि राघव शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं।
उनकी प्रतिभा हमेशा ऐसी रही कि शुरू से हर कक्षा में टॉपर रहे हैं। यही नहीं उन्होंने अधिकांश पढ़ाई सेल्फ स्टडी से की है। मामा ने कहा कि मेरे एक नहीं, दो बेटे हैं। राघव के चयन पर मां अंजू देवी, नानी शांति देवी ने कहा कि होनहार बेटे ने पूरे घर का नाम देश भर में रोशन कर दिया।
वैशाली के उज्ज्वल प्रियाक को 10वां रैंक
वैशाली के बिदुपुर प्रखंड के बिदुपुर पंचायत के वार्ड तीन बिदुपुर दिलावरपुर पूर्वी निवासी अभियंता संजीव कुमार के इकलौते पुत्र उज्ज्वल प्रियांक ने यूपीएससी की फाइनल परीक्षा में ऑल इंडिया में 10वीं रैंक हासिल किया है। उज्ज्वल प्रियांक ने सीबीएसई की पढ़ाई ज्ञान निकेतन पटना से की थी। वहीं संत माइकल पटना से वर्ष 2018 में 96 प्रतिशत अंक के साथ 12वीं की परीक्षा पास की थी। जयपुर इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस से बीटेक उत्तीर्ण करने के बाद यह कामयाबी तृतीय प्रयास में हासिल की। उसकी इस कामयाबी पर नाना सोनपुर सबलपुर निवासी गोपालपुर प्रसाद शर्मा, माता अनामिका काफी खुश और अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रही हैं।
रवि राज: दृष्टि की बाधा भी नहीं रोक सकी
नवादा के दृष्टिबाधित रवि राज ने यूपीएससी की परीक्षा में पूरे भारत में 20वीं रैंक लाकर इतिहास रच दिया। अपनी कामयाबी से युवाओं खासकर दिव्यांगों के लिए प्रेरणास्रोत बने दृष्टिबाधित रवि राज को यह सफलता पांचवें प्रयास में मिली है। वह सामान्य वर्ग में 20वीं रैंक हासिल कर आईएएस बने हैं। इससे पहले उन्होंने 2024 के यूपीएससी की परीक्षा में 182वीं रैंक हासिल की थी। फिलहाल वह नागपुर में 9 दिसंबर से आईआरएस की ट्रेनिंग ले रहे हैं। रवि राज किसान परिवार से आते हैं। वह मूलत: नवादा के अकबरपुर के महुली गांव के रहने वाले हैं।
पिता रंजन सिन्हा पेशे से किसान और मां विभा सिन्हा गृहिणी हैं। फिलहाल उनका परिवार नवादा शहर के नवीन नगर मोहल्ले में किराए के मकान में रहता है। दृष्टिबाधित होने के बावजूद रवि राज ने आईएएस बनने का सपना नहीं छोड़ा। माता-पिता और परिवार के सहयोग से लगातार मेहनत करते रहे। यूपीएससी की परीक्षा से पहले उन्होंने 69वीं बीपीएससी की परीक्षा में भी कामयाबी हासिल की थी और राजस्व अधिकारी के पद पर चयनित हुए थे।
यशस्वी राजवर्धन: दूसरे ही प्रयास में शीर्ष 20 में
सारण के दिघवारा प्रखंड के मलखाचक के लाल यशस्वी राजवर्धन ने यूपीएससी की परीक्षा में 11वीं रैंक लाकर मलखाचक का नाम गौरवान्वित कर दिया हैं। गांव के स्व.डॉ आरपी सिंह के पौत्र और आईएएस रजनीश कुमार सिंह व नीलिमा सिंह के 25 वर्षीय पुत्र यशस्वी राजवर्धन ने देश स्तर पर यूपीएससी की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। यशस्वी ने दूसरे प्रयास में यह उपलब्धि हासिल की हैै। पहले प्रयास में निराश होने के बाद यशस्वी ने योजनाबद्ध तरीके से तैयारी की और टॉप 20 में जगह बनाई है।
मोनिका श्रीवास्तव : पहले मिली थी 455वीं रैंक, अब टॉप 20 में
औरंगाबाद की मोनिका श्रीवास्तव ने यूपीएससी की परीक्षा में पूरे भारत में 16वां स्थान प्राप्त कर अपने परिवार, समाज और जिले का नाम गौरवान्वित किया है। मोनिका श्रीवास्तव औरंगाबाद जिला मुख्यालय के सत्येन्द्र नगर निवासी ई. बीके श्रीवास्तव एवं भारती श्रीवास्तव की बेटी है। मोनिका ने 2022 में बीपीएससी में छठां स्थान लाकर प्रशासनिक सेवा में प्रवेश, उसके बाद 2024 में यूपीएससी परीक्षा में पहली बार में ही सफलता प्राप्त कर 455 रैंक लाई। अभी वह भारतीय रेलवे सेवा के अंतर्गत अंडर ट्रेनिंग अधिकारी के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। अब दूसरी बार यूपीएससी में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया 16वां रैंक हासिल कर बिहार का नाम रौशन किया है।
सफल अभ्यर्थी रैंक
राघव झुनझुनवाला-मुजफ्फरपुर, 04
उज्ज्वल प्रियांक- वैशाली, 10
यशस्वी राज्यवर्धन- सारण, 11
मोनिका श्रीवास्तव- औरंगाबाद, 16
रविराज- नवादा, 20
दीक्षा राय- बक्सर, 40
अपूर्व वर्मा- पश्चिम चंपारण, 42
इशित्व आनंद- पटना,बाढ़, 50
तेजस्वीनी- औरंगाबाद, 62
आकाश कुमार- पटना, 101
अभिषे चौहान- समस्तीपुर, 102
राहुल कुमार- भागलपुर, 141
आयुष कुमार- समस्तीपुर, 143
रुचि सिंह- बेगूसराय, 171
प्रीति कुमारी- पटना, 232
प्रणय प्रसून- बांका, 245
प्रांजल राय- 250
वैष्णवी- गयाजी, 298
आकांक्षा सिंह- भोजपुर, 301
नीतीश कुमार सिंह- बेगूसराय, 305
विशाल कुमार सिंह-गोपालगंज, 334
अनुभव कुमार- जहानाबाद, 339
आदित्य राय कौशिक- बक्सर, 375
गौरव कुमार गोपालगंज, 377
हर्षवद्धन अशोक सारण, 424
मीमांसा- भागलपुर, 447
मुकेश वर्णवाल- जमुई, 465
नीतीश सिंह- सीवान, 491
सन्नी राज सन्नी- कटिहार, 526
सौरभ रजन- पू्र्णिया, 537
अमन मल्होत्रा- भभुआ, 571
जूही दास- किशनगंज, 649
15 दिनों के अंदर अंक जारी किया जाएगा
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया। आयोग द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार कुल 958 अभ्यर्थियों को विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है। इन उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा (अगस्त 2025) और व्यक्तित्व परीक्षण (दिसंबर 2025 से फरवरी 2026) के आधार पर किया गया है।
आयोग ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और केंद्रीय सेवाओं (ग्रुप ‘ए’ और ‘बी’) में की जाएगी। आयोग के मुताबिक 348 उम्मीदवारों की उम्मीदवारी अस्थायी (प्रोविजनल) रखी गई है, जबकि दो उम्मीदवारों का परिणाम फिलहाल रोका गया है। साथ ही आरक्षण से संबंधित दावों का सत्यापन संबंधित प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा। परीक्षा परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। परिणाम घोषित होने की तिथि से 15 दिनों के भीतर अभ्यर्थियों के अंक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

