पटना: नीट छात्रा मौत मामले में सीबीआई को नहीं मिले ठोस सबूत, अदालत में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल

हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, पटना
share

पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली नीट छात्रा की मौत के मामले में सीबीआई की जांच पूरी हो गई है। लड़की के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया था लेकिन सीबीआई को इस संबंध में ठोस सबूत नहीं मिले हैं। जांच टीम ने क्लोजर रिपोर्ट फाइल कर दी है।

Patna NEET Student Dead Case
पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट छात्रा की मौत मामले में सीबीआई को ठोस सबूत नहीं मिले हैं।

बिहार के चर्चित नीट छात्रा मौत कांड की जांच सीबीआई ने पूरी कर ली। दिल्ली सीबीआई टीम ने मंगलवार को पटना स्थित पॉक्सो की विशेष अदालत में क्लोजर रिपोर्ट (अंतिम प्रपत्र) दाखिल की। पॉक्सो के विशेष न्यायाधीश राजीव रंजन रमन सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट पर 13 अक्टूबर को सुनवाई करेंगे, जिसमें इस कांड के सूचक का पक्ष भी सुना जाएगा। पॉक्सो कोर्ट ने सूचक को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है। पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी करने वाली जहानाबाद की छात्रा छह जनवरी, 2026 को बेहोश मिली थी। 11 जनवरी, 2026 को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों दुष्कर्म और हत्या के आरोप लगाये थे।

छात्रा के पिता के फर्दबयान पर 9 जनवरी को चित्रगुप्त नगर थाना में एफआईआर दर्ज की गयी थी। चित्रगुप्त नगर थाने की तत्कालीन थानेदार रौशनी कुमारी ने इस कांड का अनुसंधान शुरू किया था। इस कांड को लेकर पटना में धरना-प्रदर्शन का दौर चला। जांच करने वाले अधिकारियों पर कई तरह के आरोप लगे थे। आईजी जितेन्द्र राणा के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंप दिया था।

इस मामले में हॉस्टल मालिक मनीष रंजन को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। मनीष के खिलाफ निर्धारित अवधि में न तो बिहार पुलिस की एसआईटी और न ही सीबीआई ने पॉक्सो की विशेष अदालत में आरोप पत्र दायर किया। इस वजह से आरोपित मनीष को नियमित जमानत मिल गई।

सीबीआई ने मां का बयान दर्ज करने के आदेश को चुनौती दी

सीबीआई ने पॉक्सो की विशेष अदालत के उस आदेश को पटना हाईकोर्ट में चुनौती देते हुए याचिका दायर की है, जिसमें अदालत ने मृतक नीट छात्रा कांड मामले में मां का बयान बीएनएसएस की धारा के तहत दर्ज करने का निर्देश जांच एजेंसी को दिया था। यह याचिका पटना हाईकोर्ट में लंबित है। कांड के सूचक पिता और छात्रा की मां ने बिहार पुलिस, सीबीआई और डॉक्टर पर मिलीभगत कर आरोपित को बचाने का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि नीट छात्रा के साथ रेप और उसकी हत्या की गयी है। इसमें बड़े रसूखदार शामिल है। परिजन पॉक्सो की विशेष अदालत में जांच कर रही टीम पर कई सवाल खड़ा किए।

क्या है क्लोजर रिपोर्ट

कोर्ट में क्लोजर रिपोर्ट ऐसे मामले में दाखिल किया जाता है जब पुलिस को अनुसंधान के दौरान कोई ठोस सबूत नहीं मिला हो। कोर्ट इसे मंजूर या नामंजूर कर सकता है या दोबारा जांच का निर्देश दे सकता है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsनीट छात्रा मौत मामले में सीबीआई को नहीं मिले ठोस सबूत, अदालत में क्लोजर रिपोर्ट