Hindi NewsBihar Newscar caught fire near pillar number 73 in Raja Bazaar Patna bike also burn
स्टार्ट करते ही कार में लग गई आग, पास खड़ी 5 बाइक भी जलकर खाक; पटना में अफरातफरी

स्टार्ट करते ही कार में लग गई आग, पास खड़ी 5 बाइक भी जलकर खाक; पटना में अफरातफरी

संक्षेप:

उधर, आग लगते ही आसपास की दुकानें बंद होने लगीं। पिलर संख्या 65 से 75 के बीच की दुकानें बंद कर दी गई। फुटपाथ को खाली करा दिया गया। फुटपाथ पर सब्जी और फल का ठेला लगाने वाले भागने लगे।

Dec 16, 2025 07:16 am ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, पटना
share Share
Follow Us on

पटना में हवाई अड्डा थाना क्षेत्र के राजा बाजार फ्लाईओवर के नीचे पिलर नंबर 73 के पास सोमवार की शाम एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया और बगल में खड़ी पांच बाइक तथा दो साइकिल को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड और हवाई अड्डा थाना पुलिस को दी गई। घटना को देखते हुए यातायात पुलिस ने नेहरू पथ में इस इलाके के दोनों लेन में वाहनों का परिचालन एक घंटे तक रोक दिया। इसके चलते लगभग तीन किलोमीटर तक जाम लग गया। फ्लाईओवर के नीचे का जाम शेखपुरा तक पहुंच गया। उधर, काफी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। यह संयोग था कि आग आसपास की दुकानों में नहीं फैली अन्यथा जानमाल का और अधिक नुकसान होता।

शाम छह बजकर 29 मिनट पर कार में उस समय आग लग गई जब चालक ने गाड़ी को स्टार्ट किया। गाडी स्टार्ट करते ही चिंगारी निकली। इससे पहले की कोई कुछ समझ पाता कार धू-धू कर जलने लगी। चालक गाड़ी को छोड़कर भाग निकला। आग से जली बाइक वहां एक शोरूम में काम करने वाले कर्मचारियों की थी। घटना के कारण दो घंटे तक इलाके में अफरातफरी मची रही।

ये भी पढ़ें:बिहार में तीन दिन तक कोहरे का कहर, सुबह-शाम पड़ेगी ठंड; मौसम का हाल

फ्लाईओवर के नीचे से सगुना मोड़ आने वाले वाहनों को जगदेव पथ और उसके सामने वाले रास्ते से भेजा गया। जाम से राजाबाजार, खाजपुरा आदि इलाके में रहने वाले लोग परेशान रहे। जहां घटना हुई वहां से फुटपाथी दुकानदारों को भी हटा दिया गया, ताकि जान-माल की क्षति नहीं हो। यातायात डीएसपी-4 ने बताया कि कार किसकी थी इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।

शॉट सर्किट से लगी आग

फायर बिग्रेड के अधिकारियों का कहना है कि ऐसा लगता है कि कार में आग शॉट सर्किट होने से लगी, क्योंकि आग की शुरुआत इंजन की ओर से हुई थी। चूकि पेट्रोल गाड़ी थी इसीलिए आग तेजी से फैल गयी।

बंद होने लगी दुकानें

उधर, आग लगते ही आसपास की दुकानें बंद होने लगीं। पिलर संख्या 65 से 75 के बीच की दुकानें बंद कर दी गई। फुटपाथ को खाली करा दिया गया। फुटपाथ पर सब्जी और फल का ठेला लगाने वाले भागने लगे। फ्लाईओवर के ऊपर घटना को देखने वालों की इतनी भीड़ हो गई कि यातायात पुलिस को खाली कराना पड़ा। रात आठ बजे तक इस इलाके में अफरा तफरी का माहौल रहा।

मरीन ड्राइव के पास भी हुई थी घटना

मरीन ड्राइव पर तीन दिसंबर को भी इसी प्रकार अचानक एक कार में आग लग गई थी। कार पीएमसीएच के एक डॉक्टर की थी। डॉक्टर पीएमसीएच से कार से घर जा रहे थे। इस दौरान डीजल लीक होने से कार में आग लग गई। डॉक्टर कार छोड़कर भागे, जिससे उनकी जान बची। आग इतनी तेज थी पीछे खड़ा एक वाहन भी चपेट में आ गया।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar Shapath Grahan, Bihar Election Result 2025, Bihar Chunav Result, बिहार चुनाव 2025 , Bihar vidhan sabha seats , बिहार चुनाव एग्जिट पोल्स और बिहार चुनाव 2025 की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।