घरों में घुसा पानी, स्कूल भवन बना शरणस्थली
गंगा का रौद्र रुप देख जिले के लोग दहशत में हैं। जिले के पांच प्रखंडों के दर्जनों गांव में बाढ़ का पानी घुसा हुआ...
बक्सर। हिन्दुस्तान संवाददाता
गंगा का रौद्र रुप देख जिले के लोग दहशत में हैं। जिले के पांच प्रखंडों के दर्जनों गांव में बाढ़ का पानी घुसा हुआ है। कई गांव पानी से घिर गए हैं। सिमरी, ब्रह्मपुर, बक्सर, चौसा व चक्की प्रखंड के दर्जनों गांवों का संपर्क जिला व प्रखंड मुख्यालय से टूट गया है। सड़क पर बाढ़ का पानी चढ़ने के कारण लोग नाव से अपने गांव आ-जा रहे हैं।
केंद्रीय जल आयोग के कनीय अभियंता कन्हैया कुमार ने बताया कि शुक्रवार को शाम पांच बजे गंगा का जलस्तर 60.81 मीटर दर्ज किया गया है। अभी गंगा खतरे के निशान से करीब आधा मीटर उपर बह रही है। हलांकि, उन्होंने यह भी बताया कि गंगा में पानी बढ़ने के रफ्तार में काफी कमी आई है। पानी तो बढ़ रहा है, लेकिन रफ्तार बहुत ही कम है।
दियारा क्षेत्र में कहर बरपा रही है गंगा:
सिमरी, ब्रह्मपुर, चक्की, चौसा व बक्सर प्रखंड के दियारा क्षेत्र में गंगा का पानी किसी कहर से कम नहीं है। गांवों में पानी घुस जाने के कारण लोगों का जन जीवन प्रभावित हो गया है। लोग सुरक्षित जगह की तलाश में पलायन करने लगे हैं। बता दें कि सिमरी प्रखंड के लाल सिंह के डेरा, दलि डेरा, दादा बाबा के डेरा सदर प्रखंड के गोविंदपुर, लरई, कोड़रवा, पुलियां, चकरहंसी, करहंसी, जरिगांवा, चौसा प्रखंड के बनारपुर, चौसा, ब्रह्मपुर प्रखंड के नैनीजोर समेत अन्य गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर जाने से लोग अपने जान माल को लेकर सकते में आ गए हैं। हलांकि, जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ग्रस्त इलाकों में बेहतर व्यवस्था की गई है। इन इलाकों में राहत शिविर के साथ ही भोजन व दवा की व्यवस्था प्रशासन ने किया है। साथ ही बक्सर और डुमरांव अनुमंडल के बाढ़ग्रस्त इलाकों पर एनडीआरएफ टीम नजर रख रही है।