धमकाने वाली सीओ के खिलाफ उप मुख्यमंत्री से शिकायत
समाजवादी विचार मंच के संयोजक संतोष मुखिया ने अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ धरना देने के बाद सीओ पर फोन से धमकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री से इसकी लिखित शिकायत की है। संतोष का कहना है कि सीओ ने साक्ष्य मांगने पर उन्हें धमकी दी, जबकि सीओ ने आरोपों का खंडन किया है।

चर्चा मंच के संयोजक ने फोन के माध्यम से धमकाने का लगाया है आरोप 25 फरवरी को अंचल कार्यालय में मनमानी के खिलाफ दिया था धरना ब्रह्मपुर, निज संवाददाता। अंचल कार्यालय में व्याप्त मनमानी तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ धरना देना समाजवादी विचार मंच के संयोजक संतोष मुखिया के लिए अब परेशानी का कारण बन गया है। उन्होंने सीओ पर फोन द्वारा आरोपों से संबंधित साक्ष्य मांगने के नाम पर कथित तौर पर धमकाने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत उन्होंने राज्य के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा से भी लिखित रूप में करते हुए पूरे मामले की जांच करा कर न्याय की गुहार लगाई है।
इसके बाद यह पूरा मामला चर्चा का विषय बन गया है। समाजवादी विचार मंच के संयोजक संतोष मुखिया के नेतृत्व में 25 फरवरी को अंचल कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार सहित 9 सूत्री मांगों के समर्थन में प्रखंड मुख्यालय के समक्ष धरना दिया गया था। धरना का नेतृत्व कर रहे संतोष मुखिया का आरोप है कि अगले ही दिन 26 फरवरी की शाम 5:50 बजे सीओ द्वारा अपने मोबाइल से फोन कर सीधे तौर पर उन्हें धमकी दी गई। उनके द्वारा फोन पर आरोपों से संबंधित साक्ष्य की मांग की। जब उन्होंने साक्ष्य प्रस्तुत करने की बात कही, तो उन्होंने बेहद तल्ख व धमकी भरे लहजे में कहा कि ''कल तक साक्ष्य चाहिए वरना हम भी कुछ करेंगे। इस पूरी बातचीत का ऑडियो साक्ष्य मेरे मोबाइल में रिकॉर्ड है, जिसे मैं जांच के लिए उच्चाधिकारियों को सौंपने के लिए तैयार हूं। इधर सीओ खुशबु खातून ने किसी तरह की धमकी देने से इनकार करते हुए कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। शिकायत व समस्या लेकर आने वाले हर व्यक्ति की बात सुनकर उसका समाधान भी किया जाता है। कोई भी व्यक्ति अपनी बात सीधे तौर पर उनसे मिलकर कह सकता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



