
पंचकोशी मेले की ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
संक्षेप: बक्सर में आज से पंचकोशी मेले की शुरूआत हो रही है, जो 13 नवंबर तक चलेगा। प्रशासन ने मेले के दौरान सुरक्षा और सफाई के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। डीएम और एसपी ने स्थल का निरीक्षण किया और विधि-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, और आपातकालीन सेवाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बक्सर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जिले में आज से पंचकोशी मेले की शुरूआत होगी। जो आगामी 13 नवंबर तक आयोजित होगी। आस्था, अध्यात्म और लोक परंपरा के महोत्सव वाले पंचकोशी मेले को देखते हुए शनिवार को डीएम डॉ. विद्यानंद सिंह व एसपी शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से पंचकोशी पड़ाव का स्थल निरीक्षण किया। साथ ही वहां की व्यापक तैयारियों व प्रबंधन को लेकर निर्देश जारी किये गये। एसपी ने कहा कि पूरे मार्ग पर विधि-व्यवस्था सुदृढ़ रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेटिंग के साथ गश्ती दल सहित अन्य बल मुस्तैद रहेंगे। समूचे मेले की सीसीटीवी व ड्रोन के जरिए निगरानी होगी। साथ ही यातायात रूट प्लान लागू किया जाएगा।

जबकि डीएम ने कहा कि पूरे परिक्रमा मार्ग पर स्वच्छता, सफाई व कचरा निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही सभी जगह मेडिकल टीम, पेयजल, एम्बुलेंस सहित आपातकालीन दल सक्रिय मोड में रहेंगे। वहीं अंतिम दिन सामूहिक लिट्टी-चोखा स्थल की मॉनिटरिंग की जाएगी। मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट लागू होने के कारण उन्होंने निर्देश दिया कि इस आयोजन में सभी तैयारियां, स्वच्छता, विधि-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, सड़क सुरक्षा, यातायात नियंत्रण व्यवस्था और एमसीसी नियमों का पूरा अनुपालन करते हुए लागू की जाएगी। कहा कि किसी भी प्रकार का राजनीतिक प्रचार-प्रसार, राजनीतिक पोस्टर, बैनर, सिंबल, स्लोगन या फिर राजनीतिक मंचन प्रतिबंधित रहेगा। जिला प्रशासन की अपील ने श्रद्धालुओं, समाजसेवी संगठनों, पर्यटकों व नागरिकों से अपील किया है कि अनुशासन, शांति, स्वच्छता व पवित्रता के साथ इस पावन पर्व में सहभागिता करें। मौके पर डीडीसी आकाश चौधरी, एडीएम अरूण कुमार सिंह, सदर एसडीएम अविनाश कुमार, एसडीपीओ गौरव पाण्डेय, बीडीओ साधुशरण पाण्डेय, नप ईओ मनीष कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




