हल्दी व मटकोड़ की रस्म संपन्न, आज निकलेगी भव्य शिव बारात
शनिवार को महाकालेश्वर मंदिर, रघुनाथपुर में महाकाल भगवान की हल्दी व मटकोड़ की रस्म श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई। पंडित राजू मिश्रा जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यह रस्म अदा की। महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। महाशिवरात्रि पर महाकाल की बारात दुर्गा माता मंदिर पहुंचेगी।

पेज-04 के लिए ब्रह्मपुर, निज संवाददाता। तुलसी आश्रम, रघुनाथपुर स्थित महाकालेश्वर मंदिर प्रांगण में महाकाल भगवान की हल्दी व मटकोड़ की पावन रस्म शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित राजू मिश्रा जी द्वारा विधिवत हल्दी-मटकोड़ की रस्म अदा कराई गई। इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीत- “कौना बने रहलू ए कोयलर…” तथा गौरा-हिमाचल जी से संबंधित अन्य मंगल गीत गाकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मदन चौधरी, शैलेश ओझा, संतोष सिंह, संतोष गुप्ता सहित पूजा समिति के सदस्यों ने नेग की परंपरा निभाते हुए उत्सव में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।
महाशिवरात्रि के दिन रविवार को महाकाल की भव्य बारात महाकालेश्वर मंदिर से प्रस्थान कर दुर्गा माता मंदिर, रघुनाथपुर स्टेशन के समीप पहुंचेगी, जहां हिमाचल की पुत्री माता गौरा से उनका विवाह वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न होगा। इस अवसर पर गंगा महाआरती व महाकाल की विशेष भस्म आरती भी संपन्न होगी। शिव बारात को लेकर श्रद्धालु भक्तों में अपार उत्साह और उमंग का वातावरण व्याप्त है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


