Buxar News: जमीन नहीं मिलने से आधारभूत संरचना का शुरू नहीं हुआ निर्माण
Buxar News: बक्सर में डीएम साहिला की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में विभाग के अधिकारियों को दुग्ध समितियों की गठन प्रक्रिया को तेज करने का निर्देश दिया गया। जिले के 1,143 गांवों में से 958 गांवों में दुग्ध समिति का गठन किया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन और महिला जीविका को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

Buxar News: वेजफेड 1,143 गांवों में से 958 गांवों में दुग्ध समिति का किया गया गठन
समीक्षा बैठक
डीएम ने किया वेजफेड और कम्फेड से संबंधित कार्यों की समीक्षा बक्सर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जिले के सभी प्रखंडों में पीवीसीएस यानी वेजफेड का गठन किया जाना है। जिले के चार प्रखण्डों में आधारभूत संरचना का निर्माण शुरू है। लेकिन अन्य 07 में जमीन उपलब्ध नहीं होने से आधारभूत संरचना का निर्माण नहीं किया जा सका है। इसे लेकर डीएम ने जल्द से जल्द जमीन उपलब्ध करने का निर्देश दिया। दरअसल, कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में शुक्रवार को वेजफेड व कम्फेड से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक की गई। अध्यक्षता डीएम साहिला ने किया। इस दौरान डीएम ने जिले के सभी प्रखण्डों में आधारभूत संरचना के निर्माण प्याज भण्डारण व सब्जी आउटलेट के लिए आवश्यक जमीन की उपलब्धता को लेकर सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है। वहीं दूसरी तरफ मिली जानकारी के अनुसार, शाहाबाद दुग्ध संघ अंतर्गत जिले के कुल 1,143 गांवों में से 958 गांवों में दुग्ध समिति का भी गठन किया गया है। जबकि अन्य 185 गांवों में समिति गठन की प्रक्रिया सात निश्चय-3 अंतर्गत प्रक्रियाधीन है। वर्तमान में जिले की सहकारी दुग्ध समितियों के माध्यम से प्रतिदिन कुल 54,313 लीटर दूध का कलेक्शन किया जा रहा है।
दुग्ध समितियों की वृद्धि
डीएम ने दुग्ध समितियों की संख्या और प्रत्येक समिति से जुड़े पशुपालकों की संख्या में वृद्धि करते हुए दूध कलेक्शन को और बढ़ाने का निर्देश दिया। वहीं समितियों से अधिक से अधिक जीविका दीदियों को जोड़ते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को बढ़ावा देने को कहा। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं व जीविका दीदियों को बकरी पालन से जोड़ा जाएं। इस दौरान उन्होंने पशु आहार, दलिया व टीएमआर तैयार करने के इच्छुक व प्रगतिशील किसानों को चिन्हित करने को कहा। वहीं ग्रामीण स्तर पर किसानों को जरुरी प्रशिक्षण प्रदान करते हुए सरकार की संचालित अलग-अलग कल्याणकारी योजनाओं में उनकी अधिकाधिक सहभागिता पर जोर दिया गया। बैठक में डीडीसी निहारिका छवि व अन्य थे। (बक्सर से ज्ञानेन्द्र सोनी)


