ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार बक्सरचुनावी दंगल: नए व पुराने सभी चेहरे कर रहे हैं जीत के दावे

चुनावी दंगल: नए व पुराने सभी चेहरे कर रहे हैं जीत के दावे

के लिए दिन-रात एक कर दिए हैं। सबसे खास तो यह है कि हर प्रत्याशी वोटर के सामने अपनी जीत का दावा ठोक रहा है। पहले बात करते हैं राजपुर विधानसभा (सु.) क्षेत्र का। यहां का चुनाव इस बार काफी दिलचस्प है।...

चुनावी दंगल: नए व पुराने सभी चेहरे कर रहे हैं जीत के दावे
हिन्दुस्तान टीम,बक्सरSat, 17 Oct 2020 09:51 AM
ऐप पर पढ़ें

बक्सर। हिन्दुस्तान संवाददाता

इस बार के विधानसभा चुनाव में नये चेहरों की भरमार है। कोई पार्टी बदल कर चुनाव लड़ रहा है तो कई दलों ने प्रत्याशी ही बदल दिया है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में चुनाव का माहौल बन गया है। प्रत्याशी वोटरों को गोलबंद करने के लिए दिन-रात एक कर दिए हैं। सबसे खास तो यह है कि हर प्रत्याशी वोटर के सामने अपनी जीत का दावा ठोक रहा है।

पहले बात करते हैं राजपुर विधानसभा (सु.) क्षेत्र का। यहां का चुनाव इस बार काफी दिलचस्प है। पिछले साल एनडीए के प्रत्याशी रह चुके विश्वनाथ राम इस बार महागठबंधन के कांग्रेस पार्टी से चुनावी दंगल में ताल ठोक रहे हैं। जबकि, यहां चार बार से जेडीयू का विजय पताका लहरा रहा है। जेडीयू के संतोष कुमार निराला ने वर्ष 2010 एवं 2015 में यहां से लगातार दो बार विजय हासिल की है। इस बार वे हैट्रिक की तैयारी में हैं। वहीं राजग का दामन छोड़ महागठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी विश्वनाथ राम भी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। राजपुर से कुल चौदह प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं।

इसी तरह से बक्सर विधानसभा क्षेत्र में बताया जा रहा है कि भाजपा अपनी पुरानी सीट पर काबिज होना चाह रही है। वर्ष 2015 में महागठबंधन के कांग्रेस पार्टी से संजय कुमार तिवारी विजयी हुए थे। इस बार भी तिवारी दुबारा मैदान में डटे हैं। जबकि, भाजपा इस बार यहां से जमीनी कार्यकर्ता परशुराम चतुर्वेदी को मैदान में उतारी है। बताया जा रहा है कि दोनों दलों में इस बार कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है। दोनों प्रत्याशी अपनी जीत को पक्का बता रहे हैं। अब देखना यह है कि वोटर किसको अपना आशीर्वाद दे रहे हैं। यहां से भी चौदह उम्मीदवार मैदान में डटे हैं, जो अपनी स्थिति मजबूत बता रहे हैं।

डुमरांव का चुनाव चकरा देने वाला है। जेडीयू ने सीटिंग ददन पहलवान का टिकट काट कर अंजुम आरा को मैदान में उतारा है। टिकट कटने से नाराज ददन पहलवान इस बार निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरी तरफ भाजपा के कद्दावर कार्यकर्ता अरविंद प्रताप शाही उर्फ बंटी शाही रालोसपा के टिकट पर मैदान-ए-जंग में हैं। वहीं अजीत कुमार सिंह सीपीआई (मार्क्ससिस्ट-लेनिनिस्ट लिबरेशन) से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं लोजपा से अखिलेश कुमार सिंह उम्मीदवार हैं। इसके अलावा दलीय एवं निर्दलीय कुल अट्ठारह प्रत्याशी मैदान में हैं। सभी अपने जीत को पक्का बता तूफानी दौरा कर रहे हैं।

ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र सीट शेयरिंग में वीआईपी के खाते में चला गया है। एनडीए का सहयोगी दल वीआईपी से जयराज चौधरी मैदान में हैं। वहीं यहां से पहली बार लोजपा से हुलास पांडेय और राजद से दुबारा शंभूनाथ यादव चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा कुल चौदह प्रत्याशी इस बार भाग्य आजमा रहे हैं। सभी प्रत्याशी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। अब देखना यह है कि चारो विधानसभा की जनता किन-किन प्रत्याशियों के सिर पर जीत का सेहरा बांध रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें