ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार बक्सरचौसा पैक्स अध्यक्ष के बेटे मनीष की घर वापसी से रौनक

चौसा पैक्स अध्यक्ष के बेटे मनीष की घर वापसी से रौनक

विगत 9 जनवरी को अपने घर से राजधानी पटना में जेईई मेन की परीक्षा देने गया चौसा के पैक्स अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह का इकलौता बेटा मनीष रंजन अपहरणकर्ताओं के चंगुल से निकलने के बाद गुरुवार की रात में सकुशल...

चौसा पैक्स अध्यक्ष के बेटे मनीष की घर वापसी से रौनक
हिन्दुस्तान टीम,बक्सरSat, 18 Jan 2020 12:01 PM
ऐप पर पढ़ें

चौसा। संवाद सूत्र

विगत 9 जनवरी को अपने घर से राजधानी पटना में जेईई मेन की परीक्षा देने गया चौसा के पैक्स अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह का इकलौता बेटा मनीष रंजन अपहरणकर्ताओं के चंगुल से निकलने के बाद गुरुवार की रात में सकुशल अपने घर पहुंच गया। आठ दिनों के अंतराल पर उसकी घर वापसी से उसके परिजनों की खुशियों का कोई ठिकाना नहीं है। गुरुवार की मध्य रात्रि में मनीष के घर लौटने से उसकी मां, दादी, बुआ और दो बहनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। मां पुष्पा देवी, दादी तारामुनि देवी, बुआ मनोरमा सिंह और दोनों बहनों पूजा और प्रिया ने आठ दिनों तक अपने घर के लाल से बिछड़ने के बाद गुरुवार की मध्य रात्रि में पाकर दुनिया की हर खुशी पा ली। इन लोगों ने बताया कि मनीष के अपहरण की खबर ने हम लोगों का दिन-रात का चैन ही लिया था। अनहोनी की आशंका से हर वक्त डर सता रहा था। परन्तु चार दिन पूर्व जब 13 जनवरी को मनीष के मिलने की खबर पटना से आई, तब कुछ राहत मिली और जान में जान में आई। मां ने बताया कि यह ऐसी घटना है, जिसे हमलोगों को अब जिंदगी भर भुलाना बहुत मुश्किल होगा। मनीष को पाकर माता-पिता, दादी, बुआ और बहनों ने मनीष की सकुशल बरामदगी के लिए पटना पुलिस के प्रति आभार प्रकट किया है और बधाई दी है।

मनीष को देखने और मिलने के लिए उमड़ी ग्रामीणों की भीड़

इस बार के पैक्स चुनाव में लगातार तीसरी बार चौसा पैक्स के अध्यक्ष बने मनोज कुमार सिंह के 18 वर्षीय इकलौता पुत्र मनीष रंजन की अपराधियों द्वारा अपहरण किए जाने के बाद पुलिस की सक्रियता से छूटने पर आठ दिनों के अंतराल पर घर वापसी पर माहौल खुशियों से भरा रहा। यहां के लोगों को जैसे ही यह खबर मिली कि पैक्स अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह का पुत्र मनीष अपने घर लौट आया है। लोगों के कदम अनायास ही उसके घर की तरफ चल पड़े। लोग मनीष से मिलकर उसे देखना चाहते थे। इस वजह से शुक्रवार की सुबह से लेकर शाम तक पैक्स अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के पुत्र मनीष को देखने वाले लोगों का तांता लगा रहा। प्रखण्ड मुख्यालय सहित बड़ी संख्या में दूरदराज के इलाकों से आकर लोगों ने मनीष के अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त होकर सकुशल घर लौटने पर उससे मिलकर अपनी खुशी व्यक्त की। लोगों ने मनीष की कुशलता पूर्वक की गई बरामदगी के लिए पटना पुलिस के कार्यशैली की भी भूरि-भूरि प्रशंसा की।

पुलिस महानिदेशक और पटना पुलिस का योगदान सराहनीय

पैक्स अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के पुत्र मनीष रंजन की विगत 9 जनवरी की शाम को पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र से की गई अपहरण की घटना की खबर ने यूं तो हर किसी को मर्माहत करके रख दिया था। परन्तु इस घटना से मनीष के माता-पिता और अन्य परिजनों और आसपास के लोगों के साथ सबसे ज्यादा दुखी चौसा के पूर्व मुखिया सह वर्तमान मुखिया आशा देवी के पति बृजबिहारी सिंह दिखाई दिए। 9 जनवरी की शाम में जैसे ही उन्हें पैक्स अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के इकलौते पुत्र मनीष के अपहरण की जानकारी मिली, वे उसी वक्त पैक्स अध्यक्ष के साथ पटना चल दिए और पटना पुलिस के सार्थक प्रयास से मनीष के मोतीहारी से सकुशल बरामद किए जाने के बाद पुलिस और अदालत में की जाने वाली सारी प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद ही मनीष को साथ लेकर ही वापस चौसा लौटे। इस दौरान आठ दिनों तक बृजबिहारी सिंह पैक्स अध्यक्ष और कुछ अन्य करीबी लोगों के साथ पटना में ही डटे रहे।

डीजीपी और पटना पुलिस की कार्यशैली सराहनीय

मनीष के अपहरण के बाद लगातार आठ दिनों तक पटना में रहकर अपराधियों के चंगुल से मनीष को मुक्त कराने के लिए सार्थक प्रयास करने वाले चौसा के मुखिया पति सह पूर्व मुखिया बृजबिहारी सिंह ने अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मनीष को मुक्त कराने के साथ ही इस घटना में शामिल रहने वाले नौ अपराधियों की गिरफ्तारी करने के लिए बिहार के पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पाण्डेय के साथ ही पटना के एसएसपी उपेन्द्र शर्मा और सीटी एसपी विनय तिवारी के द्वारा किए गए योगदान की काफी तारीफ की। उन्होंने कहा कि पटना पुलिस ने रात-दिन मेहनत करके मनीष को मोतिहारी से सकुशल बरामद करने में सफल रही। चौसा की मुखिया आशा देवी ने पटना पुलिस के सराहनीय योगदान के लिए चौसा पंचायत की जनता की तरफ से पटना पुलिस को बधाई दी है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें