
मनचलों पर कसेगा कानून का शिकंजा, अभया बिग्रेड सक्रिय
डुमरांव में महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने के लिए अभया ब्रिगेड की तैनाती की गई है। यह विशेष टीम छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करेगी। गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जाएगी। यदि कोई मनचला छेड़खानी करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है।
तैनाती शहर में हॉट स्पॉट चिह्नित करने के बाद होगी त्वरित कार्रवाई दोबारा अपराध करने पर गुंडा पंजी में दर्ज किया जायेगा नाम फोटो संख्या- 12, कैप्सन- मंगलवार को डुमरांव स्थित स्कूल-कॉलेज में छात्राओं की सुरक्षा की जानकारी लेती अभया बिग्रेड प्रभारी प्रियंका कुमारी। डुमरांव, संवाद सूत्र। स्थानीय थाना क्षेत्र में छेड़खानी और महिलाओं के साथ होने वाली आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अभया ब्रिगेड की तैनाती की गई है। बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए यह विशेष टीम गठित की गई है, जिसका मुख्य उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
अभया ब्रिगेड की कमान महिला दरोगा प्रियंका कुमारी को सौंपी गई है। इस विशेष टीम में उनके साथ एक महिला सिपाही और दो पुरुष सिपाही शामिल किए गए हैं। टीम कॉलेज, स्कूल और कोचिंग संस्थानों के आसपास नियमित गश्त करेगी, ताकि छात्राओं के साथ किसी भी तरह की छेड़खानी या अभद्र व्यवहार की घटनाओं को रोका जा सके। इसके अलावा मुख्य बाजार, भीड़-भाड़ वाले इलाके, मॉल और सार्वजनिक स्थलों पर भी अभया ब्रिगेड की पैनी नजर रहेगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, छेड़खानी से जुड़े संभावित हॉट स्पॉट चिन्हित किए जा रहे हैं। इन स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। अभया ब्रिगेड लगातार भ्रमणशील रहकर न केवल निगरानी करेगी, बल्कि महिलाओं को जागरूक भी करेगी, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस की मदद ले सकें। डीएसपी पोलस्त कुमार ने बताया कि अभया ब्रिगेड का गठन महिलाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। यदि कोई मनचला या असामाजिक तत्व छात्राओं या महिलाओं के साथ छेड़खानी करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। हॉट स्पॉट क्षेत्र हो रहे चिन्हित शहर की स्थिति को देखते हुए स्कूल, कॉलेज, हॉस्टल, कोचिंग संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास हॉट स्पॉट क्षेत्र चिह्नित किए जा रहे है। टीम इन इलाकों में सादे लिबास या वर्दी में तैनात रहकर संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखेगी। मनचलों की पहचान कर कार्रवाई होगी। इसके अलावा टीम के सदस्य स्कूल और कॉलेज प्रशासन तथा कोचिंग संचालकों से भी मुलाकात कर छात्राओं को सुरक्षा उपायों और डायल 112 की जानकारी देंगे। वे हॉट स्पॉट की पहचान में स्थानीय महिला समूहों का सहयोग भी लेंगे। गुंडा पंजी में दर्ज होगा नाम डीएसपी ने बताया अभया ब्रिगेड के द्वारा छेड़खानी के मामले में मनचलों पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। अगर किसी मनचले का नाम दो या दो से अधिक मामलों में सामने आएगा, तो उसका नाम गुंडा पंजी में दर्ज किया जाएगा। पुलिस के इस पहल से महिलाओं के अंदर सुरक्षा का बोध बढ़ेगा। इससे छात्राएं पढ़ाई के लिए सहज भाव से कॉलेज, स्कूल, कोचिंग जायेगी। कामकाजी महिलाएं भी काम बेहतर ढंग से कर पाएंगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




