
मुजफ्फरपुर में बस ने स्कॉर्पियो को रौंदा; एक ही परिवार के 12 लोग घायल, गंगा स्नान के लिए जा रहे थे
मुजफ्फरपुर में तेज रफ्तार बस ने स्कॉर्पियो ने रौंद दिया। जिसमें एक ही परिवार के 12 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सभी गंगा स्न्ना के लिए जा रहे थे। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सदर थाना क्षेत्र के पताही की है।
मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के पताही के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में गंगा स्नान करने जा रहे एक ही परिवार के 12 लोग घायल हो गए। घटना शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे की है। बताया जा रहा है परिवार के लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर हथौड़ी थाना क्षेत्र के कोठिया गांव से पहलेजा जा रहे थे। इसी बीच पताही के पास सामने से आ रही स्कूल की खाली तेज रफ्तार बस ने स्कॉर्पियो को उड़ा दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने स्कॉर्पियो में फंसे जख्मियों को शीसा तोड़कर बाहर निकाला। इसके बाद आनन-फानन में सभी घायलों को एंबुलेंस से इलाज के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया। घटना के संबंध में घायल जय राम पांडे ने बताया कि डेढ़ माह पूर्व उनके पिता की मृत्यु हो गई थी। जिसके कारण घर में पूजा पाठ नहीं हो रहा था। इसी को लेकर परिवार के सभी लोगों के साथ स्कॉर्पियो से पहलेजा स्थित गंगा स्नान करने जा रहे थे
इसी बीच यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों की माने तो इस घटना में स्कॉर्पियो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। बस भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस दोनों गाड़ी को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। वहीं सदर थानेदार अस्मित कुमार ने बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
घायलों में जय राम पांडे, (35), पत्नी ललिता देवी (32), बेटी नंदनी कुमार (12), बेटा शिवम कुमार (10), छोटा भाई गोपाल पांडे (32), पत्नी रूपा देवी (30) बेटा गौतम कुमार (10), बेटा गौरभ कुमार (8), बेटी लक्ष्मी कुमार (6), जय राम पांडे की मां गायत्री देवी (60), जय राम पांडे के चाचा कामेश्वर पांडे (66)और स्कॉर्पियो का चालक मिंटू कुमार (50) शामिल है।





