पटना में आज से खूब गरजेगा बुलडोजर, बोरिंग रोड-अटल पथ समेत इन इलाकों से हटेगा अतिक्रमण

Nishant Nandan हिन्दुस्तान, प्रधान संवाददाता, पटना
Follow us on Google News
share

पटना के डीएम ने नेहरू पथ, सगुना मोड़-दानापुर स्टेशन रोड, बोरिंग रोड, अटल पथ, पटना स्टेशन रोड, कंकड़बाग मेन रोड, गांधी मैदान के चारों ओर, जेपी गंगा पथ, अशोक राजपथ सहित प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण-मुक्त रखने का निर्देश दिया।

पटना में आज से खूब गरजेगा बुलडोजर, बोरिंग रोड-अटल पथ समेत इन इलाकों से हटेगा अतिक्रमण

पटना शहर में सोमवार से अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान की फिर शुरुआत होगी। इसके लिए जून माह का कैलेंडर जारी कर डीएम एवं एसएसपी ने नौ मल्टी-एजेंसी टीमों का गठन किया है। यह अभियान पटना नगर निगम के छह अंचलों नूतन राजधानी, पाटलिपुत्र, कंकड़बाग, बांकीपुर, अजीमाबाद, पटना सिटी के साथ ही खगौल, फुलवारीशरीफ एवं दानापुर निजामत नगर परिषदों में भी चलेगा।

डीएम ने प्रतिनियुक्त अधिकारियों, एसडीओ एवं एसडीपीओ को प्रभावी ढंग से अतिक्रमण उन्मूलन अभियान चलाने तथा व्यवधान उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध विधि-सम्मत सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जन-सुरक्षा सर्वोपरि है और यातायात व्यवधान, अतिक्रमण व नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध प्रशासन की शून्य सहिष्णुता है।

ये सड़कें शीर्ष प्राथमिकता में

डीएम ने नेहरू पथ, सगुना मोड़-दानापुर स्टेशन रोड, बोरिंग रोड, अटल पथ, पटना स्टेशन रोड, कंकड़बाग मेन रोड, गांधी मैदान के चारों ओर, जेपी गंगा पथ, अशोक राजपथ सहित प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण-मुक्त रखने का निर्देश दिया। सभी टी-प्वाइंट, गोलंबर, चौराहों को ‘जीरो टॉलरेंस जोन’ घोषित कर दैनिक प्रतिवेदन मांगा गया है। डीएम ने कहा कि आईजीआईएमएस, पीएमसीएच, एनएमसीएच, एम्स जैसे अस्पतालों के पास अतिक्रमण नहीं रहेगा। डीएम ने कहा कि पुनः अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। अतिक्रमण हटाने से पहले माइक से उद्घोषणा कराई जाएगी और प्रक्रिया की वीडियोग्राफी होगी। अस्थायी अतिक्रमण पर 5,000 व स्थायी पर 20,000 जुर्माना लगेगा।

टीम में महिला बल भी शामिल

प्रत्येक टीम में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, महिला बल, लाठी बल तैनात रहेंगे। नगर निकायों से कार्यपालक पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, मुख्य सफाई निरीक्षक और वीडियोग्राफर लगाए गए हैं। डेडिकेटेड फॉलो-अप टीम लगातार सक्रिय रहेगी। अभियान 30 जून तक चलेगा और डीएम प्रतिदिन समीक्षा करेंगे। प्रभावी निगरानी के लिए एसपी ट्रैफिक, एडीएम नगर व्यवस्था, एसपी सुरक्षा, अपर नगर आयुक्त व सिटी मजिस्ट्रेट की पांच सदस्यीय मॉनिटरिंग सेल बनाई गई है। डीएम ने कहा कि अतिक्रमण हटाकर खाली जगहों पर पौधरोपण व सौंदर्यीकरण किया जाएगा। एस्कलेटर-युक्त एफओबी, अंडरपास, सड़कों के चौड़ीकरण व वेंडर्स के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर काम जारी है।

राष्ट्रीय राजमार्गों से अतिक्रमण हटाने का अभियान आज से

पटना जिले से गुजरनेवाले राष्ट्रीय राजमार्गों से अतिक्रमण और अवैध पार्किंग हटाने की कार्रवाई सोमवार से शुरू होगी। इसके लिए जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने टीम बनाकर इन राजमार्गों पर 15 दिनों के अंदर अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाने, उनसे जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए हैं। इन राजमार्गों के किनारे अवैध रूप से चलाए जा रहे ढाबा और लाइन होटलों को भी हटाया जाएगा। डीएम ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।