पटना में फिर गरजेगा बुलडोजर, 1अप्रैल से अतिक्रमण पर प्रहार के लिए 9 टीमें तैयार
इधर पटना में मल्टी मॉडल हब निर्माण के बाद भी जीपीओ गोलंबर के पास पहले की तरह जाम की स्थिति बनी हुई है। निर्देश के बावजूद कई ऑटो-ई रिक्शा चालक मल्टी मॉडल हब से वाहनों का संचालन नहीं कर रहे हैं। वे सड़कों पर ही यात्रियों को उतार-बिठा रहे हैं।

पटना में अब एक बार फिर बुलडोजर गरजेगा। डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम के निर्देश पर पटना शहर में 1 से 30 अप्रैल से अतिक्रमण के विरुद्ध फिर अभियान चलेगा। कैलेंडर जारी कर नौ टीम का गठन किया गया है। यह एक मल्टी-एजेंसी विशेष अभियान होगा। जो निगम के छह अंचलों-नूतन राजधानी, पाटलिपुत्र, कंकड़बाग, बांकीपुर, अजीमाबाद, पटना सिटी- के साथ नप खगौल, फुलवारी एवं दानापुर निजामत में भी चलाया जाएगा। इसमें प्रशासन, निगम, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन, राजस्व, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, पुलिस, अग्निशाम, पुल निर्माण निगम, दूरसंचार, वन प्रमंडल, विद्युत सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल हैं।
डीएम ने निर्देश दिया है कि सभी सम्बद्ध पदाधिकारी समन्वय एवं सार्थक संवाद स्थापित कर निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। शहरी प्रबंधन इकाई के अधिकारियों को हर महीने अग्रिम तौर पर अतिक्रमण-उन्मूलन अभियान का कैलेंडर जारी कर अतिक्रमण हटाने तथा फॉलो-अप टीम को क्रियाशील रखने का निर्देश दिया गया है।
जीपीओ गोलबंर के पास अवैध ऑटो स्टैंड से चलना मुश्किल
इधर पटना में मल्टी मॉडल हब निर्माण के बाद भी जीपीओ गोलंबर के पास पहले की तरह जाम की स्थिति बनी हुई है। निर्देश के बावजूद कई ऑटो-ई रिक्शा चालक मल्टी मॉडल हब से वाहनों का संचालन नहीं कर रहे हैं। वे सड़कों पर ही यात्रियों को उतार-बिठा रहे हैं। जीपीओ गोलंबर के समीप पांच अवैध ऑटो स्टैंड बन गए हैं।
सड़कों पर पूरे दिन ऑटो-ई रिक्शा के जमावड़े से भारी जाम लग रहा है। वहीं, ऑटो-ई रिक्शा वालों ने जीपीओ फ्लाईओवर से पहले पेट्रोल पंप के सामने दोनों तरफ भी स्टैंड बना लिया है। जाम से आम वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बावजूद यातायात पुलिस मूकदर्शक रहती है। प्रशासन के आदेश का खुलेआम उल्लंघन करते हुए मल्टी मॉडल हब के पास सड़कों से ही वाहनों का परिचालन कर रहे हैं।
बुद्धा मार्ग पर जीपीओ गोलंबर के नीचे और जीपीओ बस स्टैंड के बाहर पूरे दिन ऑटो और ई रिक्शा वाले यात्रियों को बिठा रहे हैं। सड़क पर पूरे दिन ऑटो और ई-रिक्शा के जमावड़े की वजह से वहां जाम लग रहा है।जीपीओ गोलंबर के पास जाम न लगे इसके लिए पोस्ट बनाया गया है। वहां पूरे दिन यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है पर ऑटो और ई-रिक्शा चालकों में पुलिस का कोई भय नहीं है।
ऑटो - ई रिक्शा चालक नहीं मान रहे हैं नियम
जीपीओ और पटना जंक्शन इलाके को जाममुक्त बनाने के लिए मल्टी मॉडल हब बना। यहां से ऑटो-ई रिक्शा के अलावा सिटी बसें और कैब के परिचालन की योजना बनी। मई 2025 में क्षेत्र में नई पार्किंग व्यवस्था शुरू हुई। अलग-अलग मार्ग से आने वाले व्यावसायिक वाहनों का मल्टी मॉडल हब, बुद्धा स्मृति और टाटा पार्किंग से ही परिचालन होना था। लेकिन मल्टी मॉडल हब की शुरुआत से ही कई ऑटो और ई रिक्शा चालक नियम नहीं मान रहे हैं। जिससे आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


