
बुलडॉग ने 4 साल की बच्ची के सिर से बाल सहित चमड़ी नोंच ली, मौत के बाद केस दर्ज
बता दें कि दबंग परिवार ने 15 दिन पहले ही सोनपुर मेले से एक जोड़ा बुलडॉग कुत्ते खरीदकर लाया है। हमला करने वाला कुत्ता इनमें से एक था। शिवानी दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटी थी।
बिहार में बुलडॉग के हमले में एक बच्ची की जान चली गई है। मुजफ्फरपुर जिले में पारू थाने के मोहजमा गांव में मंगलवार को दबंग परिवार के पालतू बुलडॉग कुत्ते के हमले में जख्मी शिवानी (4) की बुधवार को इलाज के दौरान एसकेएमसीएच में मौत हो गई। कुत्ते ने बच्ची के सिर से बाल सहित चमड़ी नोच ली थी। पारू थानेदार चंदन कुमार ने बताया कि बच्ची के पिता की शिकायत पर कार्रवाई होगी।
बच्ची के पिता कमलेश सहनी ने बताया कि मंगलवार को उसकी पुत्री भाई-बहन के साथ गांव में देवी स्थान पर पूजा देखने जा रही थी। थोड़ी दूर पर दबंग परिवार का सदस्य कुत्ते को जंजीर में बांधे टहला रहा था। इसी दौरान युवक के हाथ से जंजीर छूट गई और कुत्ते ने बच्चों पर हमला कर दिया।
दो बच्चे किसी तरह वहां से भाग गए, लेकिन कुत्ते ने शिवानी को जबड़े से पकड़ लिया। कुत्ते ने सिर पकड़कर उसकी चमड़ी समेत बाल खींच लिए। वह बेहोश होकर गिर गई। उसे सीएचसी में ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद एसकेएमसीएच रेफर कर दिया था। दबंग परिवार ने 15 दिन पहले ही सोनपुर मेले से एक जोड़ा बुलडॉग कुत्ते खरीदकर लाया है।
हमला करने वाला कुत्ता इनमें से एक था। शिवानी दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटी थी। पारू थाने के थानेदार चंदन कुमार ने कहा कि एक व्यक्ति के पालतू कुत्ते के हमले में गंभीर रूप से जख्मी बच्ची की मौत होने की जानकारी मिली है। परिजन ने थाने में किसी तरह की शिकायत नहीं की है। बच्ची के पिता शिकायत दर्ज कराते हैं, तो एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।





