BSF जवान से लव मैरिज फिर 2 बच्चों को छोड़ लाडली ने चुनी मौत, मानसिक प्रताड़ना का आरोप
दिलीप पासवान लगातार लाडली पर दबाव बना रहा था कि वह परिवार के साथ रहे। इसी बात को लेकर अक्सर विवाद होता था। परिजनों का कहना है कि लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर लाडली ने अपनी जान दे दी है।
बिहार के भागलपुर जिले में नवगछिया थाना क्षेत्र के नया टोला में सोमवार की दोपहर एक बीएसएफ जवान की पत्नी ने कथित मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान लाडली कुमारी (22) के रूप में हुई है। वह दो छोटे बच्चों की मां थी।मृतका के पति दिलीप पासवान बीएसएफ में जवान हैं और उनकी वर्तमान पोस्टिंग राजस्थान में बताई जा रही है। लाडली कुमारी की शादी दिलीप पासवान से करीब पांच साल पहले लव मैरिज के रूप में हुई थी। लाडली का मायका कटिहार जिले के पोठिया में है।
परिजनों के अनुसार, दिलीप पासवान ने लाडली कुमारी के रहने के लिए जमीन खरीदी थी और उसी जमीन पर नया घर बनवाकर उसे दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद दिलीप पासवान लगातार लाडली पर दबाव बना रहा था कि वह परिवार के साथ रहे। इसी बात को लेकर अक्सर विवाद होता था। परिजनों का कहना है कि लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर लाडली ने सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे अपने घर में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक सैंपल जुटाए। पुलिस ने घर को सील कर दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया है। नवगछिया थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रविशंकर ने कहा कि महिला ने आत्महत्या की है। आवेदन के आलोक में कार्रवाई की जाएगी।
दो छोटे-छोटे बच्चे हुए अनाथ
मृतका के दो बच्चे हैं जो मां की मौत के बाद अनाथ हो गए है। मृतक की तीन वर्षीय बेटी ज्योति कुमारी और एक वर्षीय बेटा समीर कुमार है।





