
पसलियां टूटीं, फेफड़ा फटा; दुलारचंद के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में एक-एक बात साफ, गोली से मौत नहीं
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया है कि दुलारचंद यादव के पैर में गोली लगी जो पार कर गयी। उनकी छाती की कई पसलियां टूट गई थीं और फेफड़ा फट गया था। इन कारणों से इंटर्नल ब्लीडिंग भी हुई थी।
बिहार विधानसभा चुनाव की हॉट सीट मोकामा में वोटिंग से पहले खून बहाया गया। पुराने दबंग दुलारचंद यादव की हत्या हो गई जिसका आरोप बाहुबली अनंत सिंह पर लगाया जा रहा है। मामले में अब तक चार एफआईआर दर्ज किए जा चुके है। दुलारचंद यादव की मौत कैसे हुई, इस पर कई बातें सामने आईं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गया है जिसमें गोली लगने से मौत की थ्योरी को खारिज कर दिया गया है। मोकामा के घोसवरी थाना इलाके के तारतार गांव में गुरुवार को चुनाव प्रचार के दौरान जन सुराज के समर्थक दुलारचंद की हत्या के बाद राज्य में सियासी खलबली मची है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया है कि दुलारचंद यादव के पैर(एंकल) में गोली लगी जो पार कर गयी। न्यूज18 की रिपोर्ट के अनुसार उनकी छाती की कई पसलियां टूट गई थीं और फेफड़ा फट गया था। इन कारणों से इंटर्नल ब्लीडिंग भी हुई थी। उनकी छाती पर जोरदार प्रहार किया गया या दबाव डाला गया था। उनकी मौत का कारण यही सब है। गोली लगने से जान को कोई खतरा नहीं था। अस्पताल से पोस्टमार्टम रिपोर्ट पटना पुलिस को सौंप दिया गया है।
पोस्ट मार्टम की रिपोर्ट में डॉक्टरों ने मृत्यु का कारण कार्डियो-पल्मोनरी फेल्योर विद ब्लंट इंजरी टू चेस्ट एंड हेड लिखा है। इसका मतलब होता है छाती और सिर पर जोरदार चोट और फेफड़े फटने से उनके हृदय और सांस प्रणाली ने काम करना बंद कर दिया। इन वजहों से मौत हो गई। शुक्रवार को दुलारचंद यादव की शव यात्रा के दौरान भी जमकर बवाल हुआ। समर्थकों ने अनंत सिंह पर हत्या कराने का आरोप लगाया लेकिन, पुलिस और सूरजभान की पत्नी वीणा देवी की गाड़ी पर भी हमला किया गया। उनकी गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। दोनों कांडों में पंडाकर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। मामले में अब तक कुल चार प्राथमिकी दर्ज हो चुके हैं। शवयात्रा के दौरान जमकर पत्थरबाजी भी की गयी। पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों की टीम ने वीडियो कैमरे की मौजूदगी में किया।
घटना से संबंधित कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। कुछ वीडियो में दुलारचंद यादव पर पत्थर फेंकने का भी दावा किया जा रहा है। गुरुवार को बताया गया कि गोली मारने के बाद कार से कुचल दिया गया। उनके पोते ने बताया था कि अनंत सिंह के इशारे पर गोली मारी गयी।





