टीआरई 4 भर्ती की फरियाद लेकर नीतीश के पास पहुंचे छात्र नेता दिलीप कुमार; प्रदर्शन में हुए थे गिरफ्तार
टीआरई 4 भर्ती के लिए प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए छात्र नेता दिलीप कुमार समेत अन्य अभ्यर्थियों ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर बीपीएससी टीआरई 4 शिक्षक भर्ती परीक्षा का नोटिफिकेशन जल्द जारी करने की मांग की। सीएम ने इस पर बात करने का भरोसा दिलाया है।

बिहार लोक सेवा आयोग की टीआरई 4 शिक्षक भर्ती को लेकर सियासत तेज है। छात्र नेता दिलीप कुमार ने गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। दिलीप समेत अन्य अभ्यर्थियों ने नीतीश से बीपीएससी टीआरई 4 परीक्षा का नोटिफिकेशन जल्द जारी करने की मांग की। उन्होंने बताया कि यह मुलाकात सकारात्मक रही। नीतीश ने बेरोजगार युवाओं को भरोसा दिलाया है कि वह इस संबंध में बात करेंगे। दिलीप कुमार पिछले दिनों टीआरई 4 भर्ती के लिए पटना में हुए प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए थे।
छात्र नेता दिलीप कुमार ने गुरुवार को खुद इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जब मुख्यमंत्री थे, तब वह टीआरई 4 के बारे में बात करते थे। सीएम पद पर रहते उनसे मिलने का प्रयास किया गया था, लेकिन तब मुलाकात नहीं हो पाई थी। अब मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद उनसे पहली बार मुलाकात हुई, जो सकारात्मक रही।
दिलीप ने कहा कि उन्होंने नीतीश को महिलाओं एवं युवाओं के उत्थान के लिए अपने कार्यकाल में किए कार्यों का आभार जताया। साथ ही चौथे चरण की शिक्षक भर्ती (टीआरई 4) का नोटिफिकेशन जल्द जारी करने की मांग की। साथ ही टीआरई 4 में पदों की संख्या 46 हजार से ज्यादा रखने और एक ही परीक्षा कराने का भी अनुरोध किया गया।
छात्र नेता की ओर से पूर्व सीएम को विद्यार्थियों एवं महिला अभ्यर्थियों से जुड़े अन्य मुद्दों के बारे में भी अवगत कराया गया। दिलीप कुमार ने कहा कि हमें उम्मीद है नीतीश अपनी तरफ से टीआरई 4 का नोटफिकेशन जारी करवाने के प्रयास करेंगे।
टीआरई 4 प्रदर्शन के दौरान जेल गए थे दिलीप कुमार
बता दें कि बीपीएससी टीआरई 4 का विज्ञापन जारी करने के लिए लंबे समय से बेरोजगार युवा आंदोलन कर रहे हैं। पटना में इस महीने दो बार बड़े प्रदर्शन हुए। 8 मई को पटना में मार्च के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया था। साथ ही छात्र नेता दिलीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया था। 14 दिन जेल में रहने के बाद उन्हें पटना सिविल कोर्ट से जमानत मिली थी और वे बाहर आए थे।
20 मई को भी पटना में बड़ी संख्या में बेरोजगारों ने टीआरई 4 नोटिफिकेशन जारी करने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि शिक्षक भर्ती को लेकर विभाग के पदाधिकारी काम कर रहे हैं। जल्द ही टीआरई 4 का नोटिफिकेशन जारी होगा।
हर साल जुलाई में शिक्षक भर्ती का नोटिफिकेशन- सीएम
22 मई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इसमें तय किया गया कि अगले 5 सालों में शिक्षकों के 1 लाख पदों पर बहाली की जाएगी। हर साल कम से कम 20 हजार पदों पर भर्ती होगी। सीएम ने कहा कि हर साल जुलाई महीने में शिक्षक भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


