BPSC TRE 4 की तारीखों का ऐलान; शिक्षक बहाली का सितंबर में एग्जाम, नवंबर में रिजल्ट

Feb 17, 2026 08:24 pm ISTJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

बिहार लोक सेवा आयोग ने टीआरई-4 शिक्षक भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। टीआरई 4 परीक्षा सितंबर 2026 में होगी, इसका रिजल्ट दो महीने बाद जारी किया जाएगा।

BPSC TRE 4 की तारीखों का ऐलान; शिक्षक बहाली का सितंबर में एग्जाम, नवंबर में रिजल्ट

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने चौथे चरण की शिक्षक बहाली (TRE-4) की तारीखों का ऐलान कर दिया है। राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती के लिए सितंबर 2026 में परीक्षा ली जाएगी। इसका रिजल्ट नवंबर महीने में जारी होगा। बीपीएससी ने मंगलवार को वार्षिक परीक्षा कैलेंडर में संशोधन किया। इसमें स्कूल टीचर के 46,595 पदों पर नियुक्ति के लिए लिखित परीक्षा और इसके परिणाम की तारीख की घोषणा की गई।

बीपीएससी के कैलेंडर के अनुसार, टीआरई-4 परीक्षा का आयोजन 22 सितंबर से 27 सितंबर 2026 के बीच किया जाएगा। हालांकि, रिजल्ट की सटीक तारीख घोषित नहीं की गई है। कहा गया है कि नवंबर 2026 में परिणाम जारी कर दिया जाएगा।

पिछले सप्ताह ही राज्य सरकार की ओर से बीपीएससी को सरकारी स्कूलों में रिक्त पड़े शिक्षकों के पदों की अधियाचना भेजी थी। इसके बाद आयोग ने इस भर्ती परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी।

जल्द जारी होगा नोटिफिकेशन

परीक्षा की तारीख घोषित होने के बाद बीपीएससी जल्द ही टीआरई-4 का विज्ञापन भी जारी करेगा। आयोग के अधिकारी नोटिफिकेशन की तैयारियों में जुटे हुए हैं। माना जा रहा है कि होली के बाद चौथे चरण की शिक्षक बहाली के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

बिहार के अभ्यर्थियों को मिलेगा डोमिसाइल का लाभ

टीआरई-4 में बिहार के रहने वाले अभ्यर्थियों को डोमिसाइल का लाभ मिलेगा। नीतीश सरकार ने पिछले साल शिक्षक बहाली समेत राज्य के प्रमुख भर्ती परीक्षाओं में इसे लागू करने की घोषणा की थी।

बीपीएससी की शिक्षक भर्ती में पहली बार टीआरई-4 में बिहार के मूल निवासियों को 85 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों को शेष महज 15 प्रतिशत पदों पर ही मौका मिलेगा। भर्ती के विज्ञापन में इसके नियम और स्पष्ट होंगे।

टीआरई-4 के लिए बेताब अभ्यर्थी

बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थी टीआरई-4 का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। बीपीएससी ने तारीखों की घोषणा कर उन्हें राहत दी है। हालांकि, नीतीश सरकार की ओर से 2026 की शुरुआत में ही चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित करने की बात कही थी। मगर इसमें बहुत देरी हुई।

इससे अभ्यर्थियों की नाराजगी बढ़ने लगी। 2 फरवरी को जब बीपीएससी ने परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी किया था, तो उसमें टीआरई-4 का कोई जिक्र नहीं था। इसके बाद अभ्यर्थी का गुस्सा बढ़ गया। छात्र नेता दिलीप कुमार ने सरकार के खिलाफ आंदोलन की भी घोषणा कर दी। हालांकि, अब आयोग ने संशोधित वार्षिक कैलेंडर जारी कर टीआरई-4 का कार्यक्रम भी उसमें जोड़ दिया।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar Board 10th Result 2026 Live, बिहार न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।