प्रेमिका को हिल स्टेशन घुमाने के बहाने ले गया, पटना में प्रेमी ने लड़की को चलती ट्रेन से फेंक दिया
पटना में एक प्रेमी ने बड़े कांड को अंजाम दिया है। अपनी प्रेमिका के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले इस प्रेमी ने अपने पार्टनर को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। युवक ने लड़की को हिल स्टेशन घुमाने ले जाने की बात कही थी।

पटना में फुलवारीशरीफ रेलवे स्टेशन के पास एक किशोरी को उसके कथित प्रेमी ने चलती ट्रेन से फेंक दिया। हादसे में किशोरी बुरी तरह से घायल हो गई है। उसके चेहरे समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। जीआरपी पटना ने किशोरी के बयान पर मामला दर्ज किया है। जीआरपी पटना के प्रभारी एसएचओ मनोज कुमार के मुताबिक भोजपुर के संदेश थाना क्षेत्र की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी ने अपने बयान में कहा है कि वह पिछले कई महीनों से हाजीपुर में अपने प्रेमी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। बुधवार को उसका 19 वर्षीय प्रेमी दिल्ली जाने और वहां से किसी हिल स्टेशन पर घूमने की बात कहकर हाजीपुर से पटना जंक्शन लेकर आया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन की तरफ जाने के बहाने शाम छह बजे की लोकल ट्रेन में बैठाया। उसने आगे से दिल्ली के लिए ट्रेन पर सवार होने की बात कही थी। इस दौरान फुलवारी स्टेशन आने पर प्रेमी ने किशोरी को गेट पर बुलाकर चलती ट्रेन से फेंक दिया। किशोरी को आशंका है कि उससे पीछा छुड़ाने के लिए युवक ने ऐसा किया। पुलिस ने किशोरी के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। पुलिस युवक की तलाश कर रही है।

