सर्वेंट क्वार्टर में पैदा हुआ, दो कमरे में भी रह सकते हैं; बंगला विवाद पर सम्राट को तेजस्वी का जवाब

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जवाब देते हुए कहा कि वह सर्वेंट क्वार्टर में पैदा हुए हैं और दो कमरों में भी रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी सुरक्षा की उन्हें जरूरत नहीं है, सीएम चाहें तो उनके काफिले की गाड़ियां भी अपने में जोड़ दें।

Tejashwi yadav to samrat choudhary

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास को लेकर छिड़े सियासी घमासान के बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा पलटवार किया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने कहा कि वह सर्वेंट क्वार्टर में पैदा हुए। उनके पिता लालू प्रसाद यादव की राजनीति वेटनरी कॉलेज (पटना) के दो कमरों से शुरू हुई। अगर वे फिर से दो कमरों में चले जाएंगे, तो भी उन्हें कोई तकलीफ नहीं होगी। तेजस्वी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब सम्राट सरकार द्वारा राबड़ी देवी को पटना का 10 सर्कुलर रोड आवास को खाली करने का लगातार नोटिस देकर लालू परिवार को 39 हार्डिंग रोड में शिफ्ट होने के लिए कहा जा रहा है।

पटना स्थित आरजेडी कार्यालय में पार्टी के स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत के मौके पर तेजस्वी यादव ने बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "सम्राट चौधरी भाषण दे रहे हैं, बाप को अलग सिक्योरिटी चाहिए, मां को अलग, बेटा-बेटी को अलग चाहिए। वो अपने घर से दे रहे हैं क्या? हम नेता विरोधी दल नहीं होते तो मिलता? लालू जी राबड़ी जी पूर्व मुख्यमंत्री हैं, विरोधी दल के नेता हैं।"

आरजेडी स्थापना दिवस समारोह में लालू यादव के साथ तेजस्वी यादव (Photo by Santosh Kumar/ Hindustan Times)

मांझी, कुशवाहा और चिराग पर तेजस्वी ने किए सवाल

तेजस्वी ने सीएम से पूछा कि उनके कैबिनेट में दो ऐसे मंत्री हैं, जो बिना चुनाव लड़े ही कैसे बन गए? उन्होंने एनडीए नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा, "जीतनराम मांझी को भी चाहिए, उनके दोनों बेटे को चाहिए, पतोहू और समधन को भी चाहिए। उपेंद्र कुशवाहा को भी चाहिए, बीवी और बेटे को भी चाहिए। चिराग पासवान को भी चाहिए, उनकी माता को भी चाहिए, भाई-भतीजा को भी चाहिए, तो ठीक है?"

अशोक चौधरी भी निशाने पर

तेजस्वी यादव ने कहा कि वह कितने सत्ताधारी नेताओं के नाम गिनाएं, जिनके परिवार में एक से अधिक सदस्यों के पास बंगले और सुरक्षा है। उन्होंने जेडीयू मंत्री अशोक चौधरी का भी नाम लिया और कहा कि उन्हें भी चाहिए और उनकी बेटी (शांभवी चौधरी) को भी बंगला चाहिए। सबको देना जरूरी है क्या?

आरजेडी स्थापना दिवस कार्यक्रम में पिता लालू यादव के साथ तेजस्वी यादव (Photo by Santosh Kumar/ Hindustan Times)

डिप्टी सीएम के आवास में निशांत और विजय रह रहे- तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि राबड़ी देवी साल 2005 से विधान परिषद में नेता विरोधी दल हैं। तब से उन्हें बंगला आवंटित किया हुआ है। अब उनका आवास बदलने का क्या मतलब है। नेता प्रतिपक्ष ने सवाल किया कि बिहार विधानसभा के स्पीकर के घर में मंत्री रामकृपाल यादव रह रहे हैं। डिप्टी सीएम के आवास में स्वास्थ्य मंत्री निशांत और कृषि मंत्री विजय सिन्हा रह रहे हैं। जबकि स्पीकर अपने घर में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने जिस पद के लिए जो आवास मार्क किया है, वो सब इधर-उधर कर रखा है। मगर वे लोग सत्ता में हैं, इसलिए उनके बारे में कोई कुछ नहीं बोलता।

हमारे काफिले की गाड़ियां भी सीएम ले लें- तेजस्वी

आरजेडी नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राबड़ी देवी को दूसरा आवास क्यों आवंटित किया? उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि सिक्योरिटी का मुद्दा भी ध्यान ध्यान भटकाने के लिए सुऱक्षा को मुद्दा बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें सुरक्षा नहीं चाहिए। हमारे काफिले में जो भी गाड़ियां दे रहे हैं, वो सीएम अपने साथ जोड़ दें। हम सर्वेंट क्वार्टर में पैदा हुए, फिर से दो कमरों में चले जाएंगे तो भी तकलीफ नहीं होगी।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsसर्वेंट क्वार्टर में पैदा हुआ, 2 कमरे में भी रह सकते; सम्राट को तेजस्वी का जवाब