रील्स से फेसम होने का खूनी शौक; शूटिंग के दौरान बुजुर्ग की मौत, खुद मरते-मरते बचा युवक

Mar 28, 2026 02:44 pm ISTSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

कैलाश यादव उर्फ कैलू यादव अगुवानी गंगा घाट से भैंस चराकर फोरलेन सड़क से वापस अपने गांव खीराडीह लौट रहा था। डुमरिया बुजुर्ग गांव के समीप ओवरब्रिज के पास  रील बनाते आ रहे युवक ने पशुपालक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

रील्स से फेसम होने का खूनी शौक; शूटिंग के दौरान बुजुर्ग की मौत, खुद मरते-मरते बचा युवक

बिहार के भागलपुर में एक तीन युवकों ने रील्स बनाने के चक्कर में एक बुजुर्ग के बाइक से ऐसा धक्का मारा कि उनकी मौत हो गई। दो युवक फरार हो गए जबकि एक की हालत गंभीर है। परबत्ता थाना क्षेत्र में सुल्तानगंज-अगुवानी फोरलेन पर डुमरिया बुजुर्ग गांव के समीप स्थित ओवरब्रिज के पास रील्स बनाने के चक्कर में बाइक सवार युवक ने सड़क पर जा रहे बुजुर्ग पशुपालक को जोरदार टक्कर मार दी। बुजुर्ग की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के कारण तेज रफ्तार बाइक भी डिवाइडर से जा टकराई, जिससे बाइक चला रहा युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। वह मरते-मरते बचा।

मृत पशुपालक की पहचान खीराडीह गांव निवासी स्व. एतवारी यादव के पुत्र कैलाश यादव उर्फ कैलू यादव (55 वर्ष) के रूप में हुई। घायल बाइक चालक पसराहा थाना क्षेत्र के बन्देहरा गांव निवासी त्रिभुवन यादव का पुत्र आयुष कुमार (23वर्ष) है। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने सीएचसी पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली। मृतक के परिजनों के अनुसार शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे कैलाश यादव उर्फ कैलू यादव अगुवानी गंगा घाट से भैंस चराकर फोरलेन सड़क से वापस अपने गांव खीराडीह लौट रहा था। इसी बीच डुमरिया बुजुर्ग गांव के समीप स्थित ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए रील बनाते आ रहे युवक ने पशुपालक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

परिजनों का आरोप है कि बाइक पर कुल तीन युवक सवार थे, जिनमें से दो हादसे के बाद भाग निकले। हादसे के कारण गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग पशुपालक और बाइक सवार को स्थानीय ग्रामीण सीएचसी ले आए, जहां पशुपालक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया और बाइक चालक को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया।

परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों की ओर से बयान या शिकायत का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस की मामले पर नजर है। हर हाल में उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आजकल युवा पीढ़ी में रील्स बनाकर फेसम होने और पैसे कमाने की होड़ लगी है। सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए गलत तरीके अख्तियार करने से भी कुछ लोग पीछे नहीं हटते। कई बाद खतरों से भी खेल जाते हैं। बिहार में रील्स बनाते मौत और हादसे की खबरें अक्सर आती रहती हैं। ट्रेन की चपेट में आने, नदी में डूबने या गाड़ी से दुर्घटना का शिकार होने की घटनाएं कई बार हो चुकी हैं।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।