जमीन के लिए पटना में खूनी भिड़ंत, बीच सड़क चली ताबड़तोड़ गोलियां; दो को गोली लगी
पटना के गोपालपुर में दो बीघा जमीन के विवाद में दो गुट आपस में भिड़ गए। मारपीट के बाद हुई गोलीबारी में दोनों पक्षों के एक-एक व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस और एफएसएल की टीम मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

Patna News: राजधानी पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को जमीन के एक विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया। दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई इस कदर बढ़ी कि लाठी-डंडों के बाद सीधे गोलियां चलने लगीं। इस हिंसक झड़प में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
दो बीघा जमीन के लिए हुआ विवाद
मामला लगभग दो बीघा जमीन के मालिकाना हक से जुड़ा हुआ है। पुलिस के अनुसार, इस जमीन को लेकर ओमप्रकाश और जितेंद्र कुमार के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि विवाद कोई नया नहीं था, बल्कि दो दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच तू-तू मैं-मैं और हल्की मारपीट हुई थी। लेकिन सोमवार को बादशाही पइन के पास दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। शुरुआत तीखी बहस से हुई, लेकिन देखते ही देखते बात बिगड़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले दोनों तरफ से लाठी-डंडे निकले और जमकर मारपीट हुई। इसी बीच, किसी ने हथियार निकाल लिया और फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में ओमप्रकाश के जांघ में और जितेंद्र कुमार के पेट को छूते हुए गोली निकल गई। गोलियों की आवाज सुनते हुए बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को पटना के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहाँ फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी-2 रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने तुरंत इलाके को घेर लिया और छानबीन शुरू कर दी। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य अहम सुराग बरामद किए हैं।


