बिहार में पानी गिराने पर बहा खून; देवर-भाभी की हत्या, पति की हालत गंभीर, आधा दर्जन जख्मी

हिन्दुस्तान, मोतिहारी
Follow us on Google News
share

पूर्वी चंपारण के पताही में सड़क पर पानी गिराने के विवाद में दो पक्ष भिड़ गए। इस दौरान एक महिला और पुरुष की हत्या कर दी गई जो रिश्ते में भाभी और देवर थे।

पानी गिराने पर बहा खून
बिहार में पानी गिराने पर बहा खून

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में सड़क पर पानी गिराने के विवाद में खूनी जंग हो गई जिसमें एक महिला और एक पुरुष की हत्या कर दी गयी है। मरने वाले रिश्ते में देवर और भाभी थे। घटना में मृतका के पति और पति के बड़े भाई को भी पीटकर जख्मी कर दिया गया। दो पक्षों के बीच हुई खूनी झड़प में करीब आधा दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना पताही थाना क्षेत्र की जिहुली पंचायत के जमुनी टोला की है। घटना के बाद गांव में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जाता है कि बुधवार देर शाम चापाकल का पानी गिराने के विवाद में दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इसमें एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर को इसी मामले पर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। लोगों ने समझाकर मामले को शांत करा दिया था। देर शाम दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। लाठी-डंडे चलने लगे। इसमें एक पक्ष की मरीना खातून (35), उनके देवर जमील अख्तर (35) और पति मोसी अख्तर (38) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को पताही सीएचसी पहुंचाया।

मोतिहारी के रास्ते में मौत

सीएचसी प्रभारी डॉ. सुधांशु रंजन ने प्राथमिक उपचार कर तीनों को मोतिहारी रेफर कर दिया। लेकिन, अस्पताल के रास्ते में ही मरीना खातून और जमील अख्तर की मौत हो गई। मोसी अख्तर को मोतिहारी में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। दूसरे पक्ष के घायल लोगों का भी अलग-अलग निजी अस्पतालों में इलाज कराया जा रहा है। घटना की सूचना पर डीएसपी अभिषेक कुमार और पताही थानाध्यक्ष बबन कुमार ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस गांव में कैंप कर रही है।

डीएसपी क्या बोले

डीएसपी ने बताया कि दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में दो लोगों की मौत की सूचना मिली है। घटना में शामिल लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। दोनों पक्षों के लोगों को समझा दिया गया है। गांव में स्थिति सामान्य है।

भैंस को नहलाने को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह में भैंस को नहलाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। बताया जाता है कि मृतक का भाई मोहसीन अख्तर भैंस को नहला रहा था जिसका पानी सड़क पर बह रहा था। वहां से गुजर रहे संजय सिंह ने रोड पर पानी बड़ाने से मना किया तो दोनों के बीच कहा सुनी हो गई। इसी दौरान संजय सिंह की पिटाई कर दिए जाने की जानकारी दी गई है। शाम को इसी बात को लेकर पूछताछ के दौरान फिर से विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। पुलिस को जब जानकारी मिली तो एसडीपीओ रात को ही गांव गए और स्थिति का जायजा लिया। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsबिहार में पानी गिराने पर बहा खून; देवर-भाभी की हत्या, पति की हालत गंभीर