
पटाखा फोड़ने पर बहा खून, दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प में पांच जख्मी, तीन हायर सेंटर रेफर
पटाखा फोड़ने को लेकर विवाद में दो पक्ष भिड़ गए जिसमे एक पक्ष से अंकित कुमार साह, शुभम कुमार साह, गौरव कुमार साह और श्रवण साह जबकि दूसरे पक्ष से विष्णुदेव पासवान गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
बिहार के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के केंदुआ गांव मे पटाखा फोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया जिसमें दोनों पक्ष के बीच जमकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले जिसमें दोनों पक्षों से पांच व्यक्ति जख्मी हो गए। मारपीट की सूचना मिलने पर हवेली खड़गपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर अपनी नजर बनाए हुए है।

जानकारी के मुताबिक पटाखा फोड़ने को लेकर विवाद में दो पक्ष भिड़ गए जिसमे एक पक्ष से अंकित कुमार साह, शुभम कुमार साह, गौरव कुमार साह और श्रवण साह जबकि दूसरे पक्ष से विष्णुदेव पासवान गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी जख्मी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हवेली खड़गपुर में भर्ती कराया गया। जिसमें गंभीर रूप से जख्मी अंकित कुमार साह, शुभम कुमार साह, गौरव कुमार साह और श्रवण साह की गंभीर स्थिति को देखते हुए मुंगेर रेफर कर दिया गया।
घटना को लेकर जख्मी गौरव कुमार साह ने बताया कि उनके समाज के युवक हर महीने की 25 तारीख को बैठक करते हैं। शनिवार रात बैठक चल रही थी, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने बैठक के दौरान पटाखा फेंक दिया। विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने हमलोगों पर हमला कर दिया। दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चले, जिससे कई लोग जख्मी हो गए। गौरव ने बताया कि वे सभी छात्र हैं और स्थानीय लाइब्रेरी में पढ़ाई करते हैं। ग्रामीण बताते है कि एक पक्ष की ओर से घरों में आग लगाई गई है।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में लेकिन दोनों पक्ष के बीच तनाव बरकरार है। एक पक्ष के पीड़ित ने बताया कि दो दिन पहले ही उन्होंने थाने में आवेदन देकर जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाया था लेकिन कार्रवाई नहीं होने के कारण यह घटना हुई। इस बाबत थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि केंदुआ गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने रात में ही सभी जख्मी को अस्पताल पहुंचाया था।दोनों पक्ष के लोगों के बीच अभी स्थिति सामान्य है। उन्होंने बताया कि मारपीट की घटना का आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





