गांव-बस्ती जाकर गैर राजनीतिक परिवार के युवाओं को जोड़ेंगे भाजपा नेता, संजय सरावगी ने दिया टास्क
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बिहार के नेताओं को टास्क दिया है कि वे गांव-बस्ती में जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को बताएं और गैर राजनीतिक परिवारों के युवाओं को पार्टी से जोड़ें।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) बिहार में गैर राजनीतिक परिवार के युवाओ को पार्टी से जोड़ने के लिए अभियान चलाएगी। बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने इस संबंध में पार्टी नेताओं को टास्क दिया है। प्रदेश के नेता अलग-अलग जिलों में गांव-बस्ती में जाकर युवाओं को पार्टी से जोड़ेंगे। सोमवार 6 अप्रैल से इस अभियान की शुरुआत होगी।
पटना स्थित भाजपा कार्यालय में शनिवार को सरावगी ने मीडिया से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा के 46 साल पूरे होने जा रहे हैं। इस अवसर पर स्थापना दिवस समारोह मनाया जा रहा है। इसी परिप्रेक्ष्य में निर्णय लिया गया है कि गैर राजनीतिक लोगों को भी संगठन से जोड़ा जाए।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरवगी ने कहा कि स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर भाजपा बस्ती-बस्ती जाकर लोगों को केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर कार्यों की जानकारी देगी। बिहार को विकसित बनाने के लिए भाजपा संगठन के स्तर पर लगी है। हम इस लक्ष्य को हर हाल में पूरा करेंगे।
इस दौरान 6 अप्रैल को नेताओं का प्रवास अलग अलग जिलों में होगा। जबकि 7 से 12 अप्रैल तक गांव चलो बस्ती चलो अभियान चलाया जाएगा। सरावगी ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास ना नीति है और ना नीयत और नेतृत्व है।
गांव-बस्ती अभियान ऐसे चलाएगी भाजपा
पिछले दिनों संजय सरावगी ने कहा था कि गांव बस्ती चलो अभियान में पार्टी के सभी पार्षद, पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। एक विधानसभा क्षेत्र के कम से कम 50 प्रमुख गांवों में यह अभियान चलाया जाएग। इसमें बिहार एवं केंद्र की एनडीए सरकार की उपलब्धियों के बारे में लोगों को बताया जाएगा। सरकार की प्रमुख योजनाओं के लाभों की चर्चा की जाएगी। साथ ही, सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने वाले लोगों का सम्मान किया जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का हर साल 6 अप्रैल को स्थापना दिवस मनाती है। पार्टी की स्थापना 1980 में हुई थी। साल-दर-साल बिहार में भाजपा का जनाधार बढ़ता गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के साथ गठबंधन कर पहली बार भाजपा 2005 में बिहार की सत्ता में आई थी। नीतीश के राज्यसभा जाने पर आगामी दिनों में बिहार में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री बनने की भी चर्चा हो रही है।
2025 के विधानसभा चुनाव में भाजपा बिहार में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। सदन में अभी भाजपा के सर्वाधिक 89 विधायक हैं। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी खुद दरभंगा सदर से भाजपा के विधायक हैं। वहीं, पटना के बांकीपुर से विधायक रह चुके नितिन नवीन को हाल ही में भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था। पिछले महीने ही उन्होंने बिहार से राज्यसभा का चुनाव जीता था।
(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के आधार पर)
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


