Bihar BJP CM: मंत्री की लिस्ट रेडी नहीं, शपथ को तैयार सरकार; 15 अप्रैल को सीएम और छोटा कैबिनेट?
Bihar BJP CM: बिहार में अगले 48 घंटे में भाजपा के नेतृत्व में नई सरकार बनने जा रही है, लेकिन अभी भाजपा के सीएम के साथ शपथ लेने वाले मंत्रियों की लिस्ट फाइनल नहीं हुई है। मंत्रियों के नाम पर अभी तक चर्चा नहीं हुई है।

Bihar BJP CM: बिहार में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में 48 घंटे में नई सरकार का गठन हो जाएगा, लेकिन अभी तक सिर्फ भाजपा सीएम के नाम पर ही सस्पेंस नहीं है, बल्कि नए सीएम के साथ शपथ लेने वाले मंत्रियों के नाम की लिस्ट भी फाइनल नहीं हुई है। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी नेता और जदयू के वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि अभी मंत्रिमंडल को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। चौधरी का बयान इस बात का इशारा है कि अभी एनडीए गठबंधन के पांच घटक दल भाजपा, जदयू, लोजपा-आर, हम और रालोमो के बीच संबंधित दलों के मंत्रियों की संख्या और उनके नाम पर कोई बातचीत नहीं हुई है। भाजपा और जदयू को छोड़कर सरकार में शामिल बाकी तीन सहयोगी दलों के मंत्रियों की संख्या और नाम में बदलाव की संभावना भी कम है।
लोक जनशक्ति पार्टी- रामविलास (लोजपा-आर) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने इस मसले पर शनिवार को ही कहा था कि नई सरकार का सिर्फ चेहरा (मुख्यमंत्री) बदलेगा, सरकार के स्वरूप (कैबिनेट की बनावट) में बदलाव नहीं होगा। चिराग पासवान ने हालांकि यह भी कहा था कि कुछ पुराने चेहरे बदल कर नए चेहरे आ सकते हैं। चिराग के बयान का मतलब यह है कि सरकार में सहयोगी दलों के मंत्रियों की संख्या में बदलाव होने की संभावना कम है। लेकिन यह चर्चा है कि जिस तरह इस समय जेडीयू से नीतीश कुमार सीएम हैं और भाजपा से सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा दो उप-मुख्यमंत्री हैं, उसी तरह आगे भाजपा का सीएम और जदयू का दो डिप्टी सीएम हो सकता है।
निशांत कुमार डिप्टी सीएम बनेंगे या नहीं, सबकी नजर
विजय चौधरी के बयान से जहां यह संकेत मिलता है कि मंत्रियों की लिस्ट बनाने में सहयोगी दलों के बीच कोई हड़बड़ी नहीं है, वहीं चिराग पासवान का बयान बताता है कि सरकार का रंग-रूप मोटा-मोटी पुराने जैसा ही होगा। जदयू कोटे से दो डिप्टी सीएम की जो चर्चा चल रही है, उसमें एक नाम तो विजय कुमार चौधरी का ही है। दूसरे नाम के तौर पर नीतीश के बेटे निशांत कुमार का नाम भी लिया जा रहा है।
निशांत कुमार डिप्टी सीएम बनेंगे या अभी पार्टी में ही कुछ समय काम करते रहेंगे, इस पर सबकी नजर है। मंत्रियों की सूची पर चर्चा नहीं होने से यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि नए सीएम के साथ सीमित संख्या में घटक दलों के मंत्री शपथ लेंगे। विधानसभा में बहुमत साबित करने के बाद कैबिनेट विस्तार में मंत्रियों के बचे हुए पद भरे जाएंगे।


