गलत किए हैं तो भुगतना पड़ेगा, IRCTC केस में लालू परिवार को झटका पर मृत्युंजय तिवारी बोले

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

आईआरसीटीसी  मनी लॉन्ड्रिंग केस में लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव पर चार्ज फ्रेम होने के बाद सियासत तेज हो गई है। 

लालू यादव के साथ मृत्युंजय तिवारी
लालू यादव के साथ मृत्युंजय तिवारी

आईआरसीटीसी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लालू परिवार को बड़ा झटका लगा है। इस केस में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 9 अभियुक्तों के खिलाफ आरोप तय कर दिया जिसमें लालू प्रसाद यादव के साथ पूर्व सीएम रबड़ी देवी और राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के नाम शामिल हैं। मामले में अगली सुनवाई 3 अक्टूबर को होगी। इस मामले में सियासत शुरू हो गई है। कभी लालू परिवार के विश्वस्त रहे बीजेपी नेता मृत्युंजय तिवारी और राजद प्रवक्ता ऐज्या यादव की प्रतिक्रिया आई है।

मृत्युंजय तिवारी ने कहा है कि मानीय कोर्ट का फैसला आया है। इस मामले में कोई राजनैतिक टिप्पणी नहीं होनी चाहिए। लेकिन, कोर्ट ने जो ऑब्जर्व किया है उसके अनुसार फैसला सुनाया है। इस पर किसी को कोई आपत्ति नहीं होना चाहिए। न्याय की व्यवस्था यही है कि अगर कोई दोषी है तो उसे सजा मिलती ही है। तिवारी हाल ही में राजद छोड़कर बीजेपी में आए हैं।बीजेपी पैनलिस्ट नीरज कुमार की भी प्रतिक्रिया आई है।

तेजस्वी यादव हिसाब दें

नीरज कुमार ने कहा है कि लालू प्रसाद यादव पर जो आरोप तय किए गए हैं उसमें कोई राजनीति नहीं है बल्कि यह तो न्याय की प्रक्रिया और न्यायालय का आदेश है। सत्ता में रहते हुए लालू यादव और उनके परिवार के लोगों की परंपरा रही है कि खजाने को लूटा जाए। पहले बिहार को लूटा बाद में रेलवे को। रेल मंत्री रहते हुए लालू यादव जी ने बिहार के लोगों की कितनी जमीनें हड़प ली। अपने परिवार के लोगों तक को नहीं छोड़ा। अब इसका हिसाब उन्हें देना पड़ेगा। इस श्रृंखला में अब तेजस्वी यादव का नाम जुड़ गया है। वे खुद को युवा चेहरा बताकर बड़ी बड़ी बातें करते थे वे अब देश को बताएं कि उन्होंने कितना जमीन हड़पा है। अदालत इन लोगों को सजा सुनाने वाली है।

न्यायालय के फैसले का सम्मान पर लड़ाई जारी रहेगी

इधर आरजेडी प्रवक्ता ऐज्या यादव ने कहा है कि हमारी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने हमेशा से कोर्ट के फैसले का सम्मान किया है। जो आदेश आया है उसे स्वीकार किया जाएगा लेकिन, हमारी लड़ाई जारी रहेगी। गरीब गुरबों के हक के लिए हमारी पार्टी हमेशा संघर्ष करती रही है। इस मामले में पार्टी के नेता बैठकर आगे की नीति तय करेंगे।

7 आरोपियों को राहत

इस मामले में ईडी ने कुल 16 अभियुक्तों के खिलाफ चार्जशीट दायर किया था। कोर्ट ने उनमें से 7 को बरी कर दिया है। जिन 9 के खिलाफ चार्ज फ्रेम किया गया है उनमें तीन सदस्य लालू परिवार से हैं। इनके अलावा लारा प्रॉजेक्ट्स के संचालक, सरला गुप्ता, सुजाता होटल्स के मालिक शामिल हैं।

क्या है आईआरसीटीसी केस?

यह मामला तब का है जब लालू यादव रेल मंत्री थे। ये घटनाक्रम 2004 से 2009 के बीच के हैं जब रांची और पूरी में स्थित रेलवे के दो होटल उन्होंने सुजाता होटल ग्रुप के मालिक विजय कोचर और विनय कोचर बंधुओं को लीज पर दिलवाए। इसके बदले में लालू परिवार को बेनामी संपत्ति दी गयी। पटना में तीन एकड़ कीमती जमीन दी गई। 2005 में पटना के बेली रोड में स्थित कीमती जमीन सस्ते में दी गई। 2010 से 2014 के बीच लालू परिवार की कंपनी लाला प्रोजेक्ट्स को मात्र 65 लाख कीमत में करोड़ों की जमीन ट्रांसफर की गई। मामला उजागर होने पर जुलाई 2017 में सीबीआई में लालू परिवार के सदस्यों के साथ अन्य लोगों को नामजद करते हुए केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दिया। मनी लॉन्ड्रिंग का मामला बनने पर बाद में ईडी ने भी जांच किया।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsगलत किए हैं तो… IRCTC केस में लालू परिवार को झटका पर मृत्युंजय तिवारी बोले