बिहार में डीजल घोटाला! प्रशांत किशोर के आरोपों के बाद संजय जायसवाल ने मेयर पर फोड़ा ठीकरा, बोले- जांच होगी

Sep 23, 2025 10:35 am ISTNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share Share
Follow Us on

संजय जायसवाल ने लिखा, ‘यह पूरा घोटाला ही कहीं सशक्त समिति के द्वारा किया हुआ नहीं हो इसलिए कल मैं स्वयं माननीय मंत्री जीवेश कुमार जी से मिलकर जितने भी कार्य विगत दो वर्षों में सशक्त समिति के सदस्यों के वार्ड में हुआ है उन सबों पर एसआईटी बैठाऊंगा और सारी जांच वीडियोग्राफी से करवाऊंगा।’

बिहार में डीजल घोटाला! प्रशांत किशोर के आरोपों के बाद संजय जायसवाल ने मेयर पर फोड़ा ठीकरा, बोले- जांच होगी

जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने हाल ही में बीजेपी सांसद संजय जायसवाल पर डीजल चोरी का बड़ा आरोप लगाया था। अब बीजेपी सांसद ने इसपर करारा जवाब दिया है। साथ ही संजय जायसवाल की बातों के बाद इस मामले में एक नया मोड़ भी आ गया है। बीजेपी सांसद ने सवाल उठाया है कि गरिमा देवी सिकारिया ने जिस डीजल चोरी की चर्चा प्रशांत किशोर से की है क्या उसकी नायिका वह ख़ुद हैं ? गरिमा देवी सिकारिया बेतिया की मेयर हैं।

संजय जायसवाल ने फेसबुक पर लिखा, 'आज यह प्रश्न पूछने पर मजबूर हूं क्योंकि मैंvs दिनांक 19 सितंबर को लिखित दिया था कि डीजल के भ्रष्टाचार के जो भी कागज हैं वह सब नगर निगम की विशेष बैठक में रखे जाएं। इसके बावजूद 20 सितंबर को निगम की बैठक का पत्र निर्गत होता है और एजेंडा में डीजल चोरी के जांच को रखा तक नहीं जाता। मुझे यह भी पता चला है कि डीजल भरने के बाद सभी गाड़ियां बियाडा में वार्ड पार्षद रोहित सिकारिया के गोदाम पर जाती थीं और वहां से तेल निकालकर बेचा जाता था और गाड़ियों को वापस पार्किंग स्थल पर लौटा दिया जाता था।

क्या यही कारण है कि बेतिया मेयर इस डीजल चोरी जिसके सारे सबूत सशक्त समिति के पास उपलब्ध हैं को सार्वजनिक नहीं करना चाहती‌ हैं? घोटाले में मेयर शामिल हैं इसका प्रमाण इस बात से भी मिलता है कि निगम के दो स्टाफ जुलुम साह और तबरेज ,डीजल का कूपन काटते थे , इनको महीनों पहले हटाने की अनुशंसा के बावजूद भी वे नगर निगम में रहकर अपना काला कारोबार चला रहे हैं।

यह पूरा घोटाला ही कहीं सशक्त समिति के द्वारा किया हुआ नहीं हो इसलिए कल मैं स्वयं माननीय मंत्री जीवेश कुमार जी से मिलकर जितने भी कार्य विगत दो वर्षों में सशक्त समिति के सदस्यों के वार्ड में हुआ है उन सबों पर एसआईटी बैठाऊंगा और सारी जांच वीडियोग्राफी से करवाऊंगा। दोनों कागज आपके सामने उपलब्ध है और तारीख भी दोनों की देख लीजिए । आखिर डीजल चोरी के सारे सबूत सार्वजनिक करने में मेयर को क्या एतराज है?'

क्या बोले थे प्रशांत किशोर

प्र्शांत किशोर ने कुछ कागजात दिखाते हुए हाल ही में दावा किया था कि इनका (संजय जायसवाल) एक पेट्रोल पंप है बेतिया में जो इनके भाई के नाम पर है। प्रशांत किशोर ने आगे कहा था कि जब वो बेतिया में पदयात्रा कर रहे थे तो लोगों ने बताया कि संजय जायसवाल करीब 10 साल से नेशनल हाईवे का एक फ्लाईओवर बनने नहीं दे रहे थे क्योंकि इनके पेट्रोल पंप से पेट्रोल की बिक्री कम हो जाती। लोगों का जब दबाव हुआ तब उन्होंने वहां एक बोर्ड लगाया जिसमें लिखा था कि इस फ्लाईओवर का निर्माण मेरी वजह से नहीं बल्कि राज्य सरकार द्वारा अनुमति नहीं देने से रूका हुआ है।

गरिमा देवी सिकारिया का नाम लेते हुए प्रशांत किशोर ने कहा था कि 14-08-2024 को गरिमा देवी ने एक खत लिखा था जिसमें कहा था कि जब स्थाई समिति की बैठक हुई तब उन्होंने महापौर के तौर पर नगर आयुक्त को एक चिट्ठी लिखी थी। स्थाई समिति की संपन्न 5 बैठकों में छावनी इलाके में स्थित पेट्रोल पंप को ईंधन के अत्यधिक बिल एवं भ्रष्टाचार को देखते हुए पेट्रोल पंप बदलने का निर्णय लिया गया था और यह तय किया गया था कि 15 अगस्त के बाद जो भी वहां पेट्रोल बिका है उनसभी के भुगतान पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए।

ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि वहां नगर निगम की सफाई की गाड़ियों के बिल के नाम पर पांच करोड़ 86 लाख का भुगतान पेट्रोल पंप को नगर निगम ने किया है। स्थाई समिति की पांच बैठकों में यह पाया गया कि इनमें से ज्यादातर भुगतान फर्जी हैं, गलत हैं और ज्यादा बढ़ा कर लिया गए हैं। लेकिन इसके बावजूद अफसरों पर दबाव बनाकर वो जबरन सरकारी गाड़ियों के लिए तेल की खरीद इसी पेट्रोल पंप से करवाते हैं 10 लीटर पेट्रोल बिकता है तो 20 लीटर का भाव लिया जाता है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें