साहेबगंज में उप-चुनाव कब होंगे? विधानसभा से राजू सिंह की सीट खाली होने का इंतजार

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

Raju Singh Sahebganj: बिहार की साहेबगंज विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव की उलटी गिनती शुरू है, क्योंकि भाजपा विधायक राजू सिंह को हत्या के एक केस में 4 साल की सजा हो चुकी है। राजू वहां 5 बार जीते हैं और एक बार मंत्री रहे हैं।

Raju Singh BJP

Raju Singh Sahebganj: बिहार विधानसभा की बांकीपुर सीट के लिए उप-चुनाव की प्रक्रिया के बीच मुजफ्फरपुर जिले की साहेबगंज सीट पर भी उप-चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। ये सीट भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक और पूर्व मंत्री राजू कुमार सिंह को हत्या के केस में 4 साल की सजा होने से खाली होने की कगार पर है। दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में 4 जुलाई को राजू को सजा का ऐलान हुआ था, लेकिन औपचारिक प्रक्रिया में समय लगने के कारण विधानसभा सचिवालय ने अभी तक साहेबगंज सीट को रिक्त घोषित नहीं किया है। अदालती फैसलों के तहत साहेबगंज सीट को 4 जुलाई की प्रभावी तारीख से ही खाली घोषित किया जाएगा।

बिहार विधानसभा सचिवालय में अफसरों ने साहेबगंज सीट को रिक्त घोषित करने की प्रक्रिया को लेकर अनभिज्ञता जाहिर की है। अनुमान लगाया जा रहा है कि अभी सरकार द्वारा राजू सिंह को हुई सजा की औपचारिक सूचना विधानसभा को नहीं दी गई है। स्थापित प्रक्रिया के तहत सदन के किसी सदस्य को सजा होने पर राज्य का अभियोजन विभाग (प्रॉजिक्यूशन) विधानसभा को जानकारी देता है, जिस पर स्पीकर कानूनी प्रावधानों के तहत फैसला करते हैं। अभियोजन विभाग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गृह मंत्रालय के अधीन है।

जश्न में डूबे राजू सिंह को एक गलती पड़ गई बहुत भारी, अब विधायकी पर खतरा; क्या हुआ उस रात?

सरकारी सूत्रों का कहना है कि चूंकि राजू सिंह को दिल्ली की अदालत में सजा सुनाई गई है, इसलिए वहां से कोर्ट के आदेश की औपचारिक कॉपी हासिल करने में समय लग रहा है। जैसे ही दिल्ली से आधिकारिक जानकारी अभियोजन विभाग के पास आएगी, वैसे ही विधानसभा सचिवालय भेज दी जाएगी। राज्य चुनाव कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि जब विधानसभा द्वारा साहेबगंज को रिक्त सीट घोषित करने की औपचारिक जानकारी मिलेगी, उसके बाद उप चुनाव की तैयारियां शुरू होगी।

आज तक गलत काम नहीं किया, जो मरी वो भाभी थी; भाजपा विधायक राजू सिंह ने कोर्ट से मांगी थी रिहाई

साहेबगंज सीट से पहली बार लोक जनशक्ति पार्टी के टिकट पर 2005 के पहले चुनाव में जीते राजू सिंह 2005 का दूसरा चुनाव जनता दल यूनाइटेड से लड़े। दोनों बार उनकी जीत हुई। 2010 में भी राजू जेडीयू से एमएलए बने। 2015 के चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल के राम विचार राय ने उनको हरा दिया था, लेकिन 2020 में वो विकासशील इंसान पार्टी से जीते। बीजेपी ने जब मुकेश सहनी को डंप किया तो राजू सिंह भाजपा के विधायक बन गए और 2025 का चुनाव भी भाजपा से ही जीते हैं। अब उनकी पत्नी रेणु सिंह स्वाभाविक रूप से टिकट की रेस में हैं। भाजपा पत्नी या बेटे को चुनाव लड़ाती है या किसी नए कैंडिडेट को उतारती है, ये देखना होगा। राजद नवंबर 2025 में दूसरे नंबर पर रहे पृथ्वीनाथ राय को फिर लड़ा सकती है, क्योंकि वो 13 हजार से कुछ ज्यादा वोट के अंतर से हारे थे।

Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा पत्रकारिता में 25 साल से अलग-अलग भूमिका में अखबार, टीवी और डिजिटल में काम कर चुके हैं। दैनिक जागरण के साथ बिहार में 5 साल तक जिला स्तर की प्रशासनिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने के बाद रीतेश ने आईआईएमसी, दिल्ली में दाखिला लेकर पत्रकारिता की पढ़ाई की। एक साल के अध्ययन ब्रेक के बाद रीतेश ने विराट वैभव से दोबारा काम शुरू किया। फिर दैनिक भास्कर में देश-विदेश का पेज देखा। आज समाज में पहले पन्ने पर काम किया। बीबीसी हिन्दी के साथ आउटसाइड कंट्रीब्यूटर के तौर पर जुड़े। अखबारों के बाद रीतेश ने स्टार न्यूज के जरिए टीवी मीडिया में कदम रखा। रीतेश ने टीवी चैनलों में रिसर्च डेस्क पर लंबे समय तक काम किया है और देश-दुनिया के विषयों पर तथ्यपरक जानकारी सहयोगियों को आगे इस्तेमाल के लिए मुहैया कराई है। सहारा समय और इंडिया न्यूज में भी रीतेश रिसर्च का काम करते रहे। इंडिया न्यूज की पारी के दौरान वो रिसर्च के साथ-साथ चैनल की वेब टीम के हेड बने और इनखबर न्यूज पोर्टल को बतौर संपादक शुरू किया। लाइव हिन्दुस्तान के साथ एडिटर- न्यू इनिशिएटिव के तौर पर पिछले 6 साल से जुड़े रीतेश फिलहाल उत्तर प्रदेश और बिहार की खबरों और दोनों राज्यों की टीम को देखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।