
बीजेपी MLA मिश्रीलाल नहीं पहुंचे EOU ऑफिस, विधायकों की खरीद-फरोख्त मामले में नोटिस मिला था
विधायकों के खरीद-फरोख्त मामले में बीजेपी विधायक मिश्रीलाल यादव पूछताछ के लिए आज ईओयू के ऑफिस नहीं पहुंचे। जिसके बाद अब दोबारा उन्हें 22 अगस्त को बुलाया गया है। अब उपस्थित नहीं होने पर न्यायालय के स्तर पर कार्रवाई की जायेगी।
फरवरी 2024 में विश्वास मत प्रस्ताव के दौरान विधायकों को प्रलोभन दिए जाने के मामले में भाजपा विधायक मिश्रीलाल यादव आज आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) कार्यालय नहीं पहुंचे। ईओयू ने उनको नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया था। अब उनको 22 अगस्त को उपस्थित होने का दोबारा नोटिस दिया गया है। इनके साथ ही तीन अन्य लोगों को भी 22 अगस्त को उपस्थित होने की पहले से नोटिस जारी है। यह उनके लिए अंतिम मौका है। उपस्थित नहीं होने पर न्यायालय के स्तर पर कार्रवाई की जायेगी।
आपको बता दें विधायकों के खरीद-फरोख्त मामले में विधायक मिश्रीलाल यादव को 18 अगस्त को बुलाया है। वैशाली के ई. सुनील कुमार को 19 अगस्त को दूसरी बार पूछताछ के लिए ईओयू ने नोटिस भेजा था। मालूम हो कि इसके पहले भी ई. सुनील, बीमा भारती एवं परबत्ता विधायक संजीव कुमार से ईओयू की जांच टीम ने पूछताछ की थी। इस क्रम में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुन: पूछताछ की जाएगी और तथ्यों का सत्यापन किया जाएगा। ईओयू के अनुसार, इस मामले में अभी एक दर्जन से अधिक नेता, ठेकेदार एवं संबंधित व्यक्तियों से भी पूछताछ की जा सकती है।
पूछताछ के माध्यम से सभी संबंधित पक्षों का बयान कलमबद्ध किया जा रहा है। उनके बयानों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरवरी, 2024 में विधायकों की खरीद फरोख्त को लेकर जदयू विधायक सुधांशु ने कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया था। बाद में इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी आर्थिक अपराध इकाई को सौंपी गई थी। इस मामले में एक एसपी, दो डीएसपी और एक इंस्पेक्टर समेत पुलिसकर्मियों की जांच टीम गठित की गई है, जो लगातार मामले की निगरानी कर रही है।





